
नईदुनिया प्रतिनिधि, धामनोद (धार)। धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई की कार्यप्रणाली को लेकर धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर और केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के बीच मतभेद का मामला अब भोपाल तक पहुंच गया है।
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पक्षों से मंगलवार को चर्चा की है। विधायक कालू सिंह ठाकुर, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर सहित अन्य संबंधित पक्षों से अलग-अलग स्तर पर चर्चा किए जाने की जानकारी सामने आई है।
वहीं, धामनोद नगर परिषद की सीएमओ माया मंडलोई तथा नगर परिषद अध्यक्ष और उनके प्रतिनिधि को भी भोपाल बुलाए जाने की बात सामने आई है। वहां नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव स्तर पर भी पूरे मामले को लेकर चर्चा हुई और संबंधित पक्षों ने अपना-अपना पक्ष रखा।
मामला उस समय तूल पकड़ा था, जब विधायक कालू सिंह ठाकुर ने धामनोद की जनसमस्याओं और विकास कार्यों में आ रही बाधाओं का हवाला देते हुए नौ अक्टूबर से केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर के निवास के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने की घोषणा की थी।
विधायक ने सीएमओ की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई थी। इसके बाद भाजपा संगठन सक्रिय हुआ।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से विधायक ठाकुर को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इधर, पूरे घटनाक्रम को लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी लगातार चर्चा हो रही है।