राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार को पदभार संभालते ही पार्टी कार्यकर्ताओं को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि जो अच्छा काम करेगा, उसका सम्मान होगा और जो दाएं-बाएं करेगा उसे दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा मेरे रग-रग में है। कार्यकर्ताओं से कहता हूं, आपके सम्मान में कोई कमी नहीं होगी। हर कार्यकर्ता को उनकी क्षमता के अनुसार काम मिलेगा। समाज भाजपा से अच्छे आचरण की उम्मीद करता है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम जनता की भावना के अनुरूप आचरण रखें।
खंडेलवाल के इस संदेश से यह तो स्पष्ट हो गया है कि पार्टी में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुधवार को नए मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया पूरी हो गई। निर्वाचन अधिकारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विधायक हेमंत खंडेलवाल के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इसके साथ ही राष्ट्रीय परिषद के 44 सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा कर निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपें। इसके बाद निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने खंडेलवाल को पार्टी का ध्वज सौंपा। कार्यक्रम के उपरांत नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर वरिष्ठ नेताओं के समक्ष पदभार ग्रहण किया।
इस दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भावुक हो गए और कहा कि कार्यकाल के दौरान मेरे व्यवहार या कार्य से किसी के मन को ठेस पहुंची है तो क्षमा मांगता हूं। आप सभी ने मेरे जैसे कार्यकर्ता को गढ़ा और ताकत दी, जिससे प्रदेश अध्यक्ष की भूमिका का निर्वहन कर सका।
नए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मैं पार्टी का सामान्य कार्यकर्ता हूं। मुझमें कोई अतिरिक्त योग्यता नहीं। मुझे जो पद सौंपा है, वो पद नहीं जिम्मेदारी है। हम वो सौभाग्यशाली पीढ़ी हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। पहले एक मिथक था, हम पांच साल पूरे नहीं कर सकते। शिवराज सिंह चौहान ने यह मिथक तोड़ा। वह ऐसी जन कल्याणकारी योजनाएं लाए ताकि पार्टी लगातार चुनाव जीत सके। उनके बाद अब डॉ. मोहन यादव नई इबारत लिख रहे हैं। भाजपा संगठन को आदर्श बनाने का कार्य कुशाभाऊ ठाकरे ने किया और अब हम सभी मिलकर विष्णुदत्त शर्मा द्वारा लिखी इबारत को आगे ले जाने का काम करेंगे। खंडेलवाल ने जनसंघ से लेकर भाजपा संगठन को शिखर पर पहुंचाने वाले डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी व पं दीनदयाल उपाध्याय से लेकर मध्य प्रदेश के माटी के कुशाभाऊ ठाकरे, सुंदरलाल पटवा, अटल बिहारी वाजपेयी और राजमाता विजयराजे सिंधिया को याद किया।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा विष्णुदत्त शर्मा ने अध्यक्ष रहते निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा-लोकसभा चुनावों में सफलता अर्जित करने में बड़ी भूमिका निभाई। अब हेमंत अध्यक्ष हैं, जोरदार स्वागत करो। विकास की योजनाएं हेमंत के दिमाग में चलती रहती हैं। सरकारी स्कूल को बेहतर बनाने के लिए उनसे सुझाव लेकर ही सीएम राइज स्कूल की योजना बनाई। आने वाले समय में चुनौतियां बड़ी हैं, लेकिन हेमंत चुनौतियों का सामना कर सफलता प्राप्त करने के लिए जाने जाते हैं, आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा। हेमंत को जब 2008 में विधानसभा चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया तो वह तीन बार मना करने आए थे पर पार्टी ने उन्हें लड़ाने का निर्णय लिया। वह चुनाव लड़े निर्वाचित हुए और आदर्श विधायक बने।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नए प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि वैसे तो सभी ऋतुओं का अपना आनंद है लेकिन हेमंत ऋतु की बात ही अलग है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते विष्णुदत्त शर्मा विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जहां जाते थे, वहां विपक्ष का सफाया कर देते। अब हेमंत खंडेलवाल अध्यक्ष हैं, वह पार्टी को नई ऊंचाई पर लेकर जाएंगे। हमारे बीच तुम नहीं, हम की भावना है, इसी से हमारी ताकत बढ़ती है। चुनौतियां अभी भी हमारे सामने हैं। हमारे विरोधी षडयंत्र पर षडयंत्र रच रहे हैं, अपने आपको कानून से भी ऊपर मानकर चलते हैं। हम कांग्रेस से 1951 से निपटते आए हैं। संगठन पर्व के एक चरण के समापन के बाद अब हम सभी मप्र को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ें।