Bhopal GMC: नाल के खून से पता चलेगा नवजात को संक्रमण है या नहीं, खत्म होगा 3 दिन का इंतजार
भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने नवजात में सेप्सिस का खतरा पता लगाने की नई तकनीक विकसित की है। इसमें बच्चे को सुई लगाने की जरूरत नहीं होगी।
Publish Date: Mon, 16 Nov 2026 03:06:58 PM (IST)Updated Date: Mon, 16 Nov 2026 03:08:25 PM (IST)
गांधी मेडिकल कॉलेज, भोपाल।HighLights
- नाल के खून से संक्रमण की पहचान
- बच्चे को सुई लगाने की जरूरत नहीं होगी
- जांच के लिए दो से तीन दिन का इंतजार घटेगा
नईदुनिया प्रतिनिध, भोपाल । जन्म के बाद बच्चे को होने वाला खून का संक्रमण सबसे खतरनाक होता है। अगर समय पर पता चल जाए, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती है। गांधी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने इसको पता लगाने का आसान तरीका खोजा है। बच्चा जब पैदा होता है, तो पहले तीन दिन में उसके खून में कीटाणु फैल सकते है। इसको सेप्सिस कहते हैं।
इससे बच्चे को बुखार, सांस लेने में दिक्कत, दूध नहीं पीना, सुस्त हो जाना जैसी दिक्कत होती है। समय पर इलाज नहीं मिला, तो जान भी जा सकती है।
इसके लिए अभी तक सेप्सिस की जांच के लिए बच्चे के खून का कल्चर किया जाता है। इसकी रिपोर्ट आने में दो से तीन दिन लग जाते है। तब तक डाक्टर को अंदाजे पर दवा शुरू करनी पड़ती है। कई बार बच्चे को संक्रमण नहीं भी होता है, फिर भी उसको एंटीबायोटिक दे दी जाती है।
इससे बच्चे के शरीर को नुकसान होता है। इस रिसर्च को गांधी मेडिकल कॉलेज में बालरोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. मंजुषा गोयल, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नेहा श्रीवास्तव, डॉ. आपूर्ति अवस्थी और डॉ. पी. अमृता ने किया है।
नई खोज में ये होगा
गांधी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने नाल के खून की जांच की। नाल का खून वह खून है, जो जन्म के समय बच्चे से जुड़ा रहता है और बाद में फेंक दिया जाता है। इसलिए इस जांच में बच्चे को सुई भी नहीं लगती है। डॉक्टरों ने 170 बच्चों की जांच की। इन सब बच्चों की मां को संक्रमण का खतरा था। जैसे समय से पहले प्रसव होना, मां को बुखार आना, पानी की थैली जल्दी फट जाना।
इसमें डॉक्टरों ने पाया कि नाल के खून में दो चीज होती हैं। एक सीआरपी और दूसरा आई/टी रेशो। सीआरपी एक तरह का प्रोटीन है, जो शरीर में कीटाणु आने पर बढ़ जाता है। आई/टी रेशो खून की कोशिकाओं का अनुपात है।
ऐसे जांचेंगे संक्रमण की स्थिति
जांच में पता चला कि अगर सीआरपी 3.3 से ज्यादा हो और आई/टी रेशो 0.155 से ज्यादा हो, तो बच्चे को सेप्सिस होने का खतरा बहुत ज्यादा है। इस जांच ने 100 में से 100 बच्चों को सही पकड़ा। नाल के खून का कल्चर 25.9 फीसदी बच्चों में पॉजिटिव मिला। अगर यह जांच हर अस्पताल में होने लगे, तो जन्म के समय ही पता चल जाएगा कि बच्चे को संक्रमण है या नहीं।