
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बीते दिनों एक रिपोर्ट सामने आई, जिसमें दावा किया गया कि नगर निगम द्वारा वैशाली नगर में सप्लाई किए जा रहे पानी में ई-कोलाई बैक्टीरिया मिला है। यह जांच क्षेत्र के रहवासी विवेक राय ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) की स्टेट रिसर्च लैबोरेट्री में कराई थी।
जांच रिपोर्ट के अनुसार, विवेक राय ने 12 नवंबर को यह नमूना लैब में जमा कराया था, जिसकी रिपोर्ट 13 नवंबर को सामने आई। जांच रिपोर्ट में 100 मिलीलीटर पानी में 350 ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने का उल्लेख किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, पेयजल में ई-कोलाई पूरी तरह अनुपस्थित होना चाहिए।
हालांकि, नगर निगम इस दावे को अपनी जांच के नतीजों से खारिज कर रहा है। निगम ने शनिवार को वैशाली नगर के नौ घर और रविवार को छह घरों से पानी के नमूने लिए। निगम के अनुसार, इन सभी नमूनों की जांच में ई-कोलाई या अन्य किसी बैक्टीरिया की पुष्टि नहीं हुई।
यानी रहवासी की ओर से पीएचई की लैब में कराई गई जांच में बैक्टीरिया मिलने की रिपोर्ट आई, जबकि निगम की ओर से कराई गई जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला। ऐसे में एक ही क्षेत्र की जलापूर्ति को लेकर सामने आए इन अलग-अलग नतीजों ने पेयजल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वैशाली नगर के रहवासी विवेक राय ने बताया कि हमारे यहां कोलार पेयजल पाइप लाइन से सप्लाई होने वाले पानी में कई दिन से गंदा पानी आने की समस्या बनी हुई थी, जिसकी वजह से हम बोतल खरीदकर पानी पी रहे हैं।
हमने अक्टूबर माह में पानी के नमूने लेकर जांच कराई थी, तो उसमें भी ई-कोलाई की पुष्टि हुई थी। इसके बाद दूसरी जांच कराई तो पानी स्वच्छ मिला, लेकिन अब तीसरी बार पानी की जांच कराई तो फिर बैक्टीरिया मिला है। हालांकि, अब नगर निगम द्वारा पानी के सैंपल लिए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ता जला रहे थे सीएम का पुतला, रोकने पर कांस्टेबल का हाथ झुलसा, 4 नेताओं को जेल
इंदौर के भागीरथपुरा की घटना के बाद नगर निगम द्वारा शहर से पानी के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है। इस जांच रिपोर्ट शहर के अलग-अलग हिस्सों में ई-कोलाई की पुष्टि हो चुकी है। इनमें खानूगांव, आदमपुर छावनी, ईदगाह हिल्स के बाजपेयी नगर जैसे क्षेत्र शामिल हैं, इन क्षेत्रों के चार नमूने निगम की जांच रिपोर्ट में फेल हुए थे। इसके अलावा कोलार क्षेत्र के साईंनाथ नगर और गेहूंखेड़ा के निजी बोरवेल के पानी में भी ई-कोलाई मिलने की रिपोर्ट सामने आई थी।
नगर निगम ने वैशाली नगर क्षेत्र से शनिवार और रविवार को पानी के नमूने लिए थे। इनकी जांच नगर निगम की लैब में कराई गई, लेकिन किसी में भी बैक्टीरिया नहीं मिला है।- उदित गर्ग, अधीक्षण यंत्री, नगर निगम