
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शाहजहांनाबाद में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात बदला लेने एक बदमाश पर दूसरी गैंग ने हमला कर दिया। कुख्यात बदमाश भूरा हड्डी और उसकी गैंग ने रात करीब सवा एक बजे हथियारों से लैस बदमाश गुंडा लिस्ट में शामिल अरशद बब्बा (27) के घर पहुंचे। गेट खुलते ही भूरा हड्डी ने तलवार से उस पर हमला कर दिया। वार से अरशद के हाथ की हड्डी तक कट गई।
घायल ने किसी तरह घर का गेट बंद कर खुद को बचाया। इसके बाद बदमाश करीब आधे घंटे तक बाहर गाली-गलौज और हंगामा करते रहे। मदर इंडिया कालोनी निवासी अरशद के खिलाफ मारपीट और अड़ीबाजी समेत करीब एक दर्जन अपराध दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वारदात के समय वह घर में अकेला था। भूरा हड्डी अपने साथियों तोफीक शूटर, माया बच्चा, मन्नू, फैजल, वसीम, आदिल अड्डू, टिंकल और अन्य बदमाशों के साथ वहां पहुंचा था।
यह भी पढ़ें- स्कूल बस रोककर ड्राइवर पर चलाई गोली, 8 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार; 4 साल पुरानी रंजिश निकली वजह
पुलिस ने घायल अरशद को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले अरशद के छोटे भाई ने भूरा हड्डी के छोटे भाई पर छुरी से हमला किया था। इसी का बदला लेने के लिए गैंग ने अरशद को निशाना बनाया।
भूरा हड्डी पर हत्या, हत्या के प्रयास और मारपीट समेत करीब 40, जबकि तोफीक शूटर पर करीब 20 अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने विशाल, अंकित समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश जारी है।