
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्यास बुझाने के लिए घरों में लगे बोरवेल अब बीमारी का खतरा बन गए हैं। शहर के नूरमहल क्षेत्र की अशोक कालोनी में पिछले कुछ दिनों से 15 से 20 घरों में मटमैला और बदबूदार पानी पहुंच रहा है। नगर निगम की जांच में पानी दूषित मिलने के बाद रहवासियों को इसे पीने से रोक दिया गया है।
निगम ने क्षेत्र में नोटिस चस्पा कर बोरवेल के पानी का उपयोग पेयजल के रूप में नहीं करने की चेतावनी दी है। साथ ही बोरवेल को बंद करा दिया है। जलस्रोत दूषित होने से परिवारों को पीने के पानी के लिए वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ रहे हैं।
शहर के वार्ड-नौ में नूर महल क्षेत्र की अशोक कालोनी के कई घर अब भी बोरवेल पर निर्भर हैं। पानी खराब होने के बाद रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी बढ़ गई है। कुछ परिवार टैंकर से पानी खरीद रहे हैं, जिसके लिए 300 से 500 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
नगर निगम ने भी प्रभावित क्षेत्र में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने की बात कही है। रहवासियों की शिकायत के बाद नगर निगम की टीम ने घरों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच कराई थी। रिपोर्ट में पानी दूषित मिलने के बाद लोगों को नर्मदा जल के कनेक्शन लेने की सलाह दी गई है।
दूषित पानी मिलने के बाद ट्यूबवेल बंद कर दिए गए हैं, लेकिन इससे घरों में पानी की उपलब्धता का संकट खड़ा हो गया। सुरक्षित पानी के लिए टैंकर पर निर्भरता बढ़ी है। रहवासियों को अब अस्थायी व्यवस्था के बजाय स्थायी जलापूर्ति की जरूरत है। नर्मदा लाइन से कनेक्शन लेने की सलाह के बीच सवाल यह है कि जब तक घरों में नियमित सप्लाई शुरू नहीं होती, तब तक परिवारों को पानी कैसे मिलेगा।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में केंद्र की योजनाओं को मिलेगी रफ्तार, मंत्री-सांसद और अधिकारियों की बनेगी विशेष टीम
शहर में पानी की गुणवत्ता को लेकर हाल में वैशाली नगर में भी विवाद हुआ था। वहां ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने की शिकायत के बाद कांग्रेस पार्षदों ने निगम आयुक्त से कार्रवाई की मांग की थी। निगम ने क्षेत्र में 200 से अधिक नमूनों की जांच कराने और रिपोर्ट में पानी दूषित नहीं मिलने की बात कही थी।
नूरमहल स्थित अशोका कालोनी में निजी बोर में दूषित पानी आ रहा है। रहवासियों ने पानी की जांच करवाई थी। बोरवेल को बंद कर दिया गया है।- उदित गर्ग, अधीक्षण यंत्री, नगर निगम