भोपाल में हिट एंड रन में बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की मौत, टक्कर मारकर भागा अज्ञात वाहन चालक
भोपाल में अलग-अलग सड़क हादसों में कारोबारी समेत चार लोगों की मौत हो गई। एयरोसिटी रोड, सूखी सेवनिया और बैरसिया में हुई इन घटनाओं में पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 11:08:10 AM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 11:08:10 AM (IST)
भोपाल में हिट एंड रन में बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की मौत। (नईदुनिया)HighLights
- एयरोसिटी रोड पर हिट एंड रन में कारोबारी की मौत।
- पेट्रोल भरवाकर लौट रहे हिमांशु खेमानी की कार को टक्कर।
- सूखी सेवनिया में स्कूटी की टक्कर से सफाईकर्मी की मौत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: गांधी नगर थाना क्षेत्र में एयरोसिटी रोड पर हिट एंड रन की घटना में 27 वर्षीय बिल्डिंग मटेरियल कारोबारी की मौत हो गई। अज्ञात वाहन चालक उनकी कार को टक्कर मारने के बाद मौके से भाग निकला। हादसे के वक्त कारोबारी कार में अकेले थे। गांधीनगर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपित वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पारस सिटी, गांधी नगर निवासी हिमांशु खेमानी बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का कारोबार करते थे। रविवार रात करीब 11:45 बजे पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। एयरोसिटी रोड पर इसी दौरान दाहिनी तरफ से आए अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
सामने से आ रही स्कूटी ने मारी टक्कर, बाइक सवार की मौत
- सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र में बाइक और एक्टिवा की आमने-सामने भिड़ंत में 38 वर्षीय सफाईकर्मी की मौत हो गई। हादसा विदिशा-भोपाल रोड पर भदभदा के पास बाबड़ी इलाके में हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
- थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि मृतक राजू पिता लालाराम विदिशा जिले के नटेरन निवासी थे। वह नगर पालिका में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे राजू बाइक से रिश्तेदारी में भोपाल आ रहे थे। इसी दौरान बाबड़ी इलाके में सामने से आ रही स्कूटी ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
- बैरसिया थाना क्षेत्र में अज्ञात तेज रफ्तार चार पहिया वाहन की टक्कर से बाइक सवार 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग निकला। पुलिस उसकी पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
- पुलिस के अनुसार मनख्याई गांव निवासी गोरेलाल पिता कालूराम कुशवाह निजी काम करते थे। रविवार शाम करीब सात बजे वह बाइक से घर लौट रहे थे। स्वामी विवेकानंद कालेज के पास पहुंचते ही किसी तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
- हादसे में गोरेलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इधर सोमवार सुबह करीब 11:40 बजे बैरसिया में ही मुख्य मार्ग पर 20 वर्षीय नमन सक्सेना की मौत हो गई। सामने से उन्हें तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 'बंटी-बबली' की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी, फ्लैट दिलाने के नाम पर की थी करोड़ों की ठगी