भोपाल के ऐशबाग में 599 जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर एक्शन शुरू, भारी पुलिस बल तैनात
भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में जर्जर घोषित 599 जनता क्वार्टरों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त किया जा रहा है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 09:28:45 AM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 09:28:45 AM (IST)
ऐशबाग में जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू। नईदुनिया।HighLights
- ऐशबाग में जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू
- जर्जर घोषित 599 क्वार्टर को जेसीबी मशीनों से किए जा रहे ध्वस्त
- हाई कोर्ट ने ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से किया इनकार
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग इलाके में स्थित जनता क्वार्टरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। बड़ी-बड़ी जेसीबी मशीनों की मदद से क्वार्टरों को जमींदोज किया जा रहा है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। सोमवार को सुबह से ही प्रशासन की मशीनें पहुंच गई और कार्रवाई शुरू की गई।
कोर्ट ध्वस्तीकरण रोकने से इनकार किया
भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में जर्जर घोषित 599 जनता क्वार्टरों को तोड़ने की प्रस्तावित कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रविवार को अवकाश के दिन हुई विशेष सुनवाई में व्यापक स्तर पर ध्वस्तीकरण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।
हालांकि याचिकाकर्ता मोहम्मद हफीज खान के कब्जे वाले क्वार्टर क्रमांक ईडब्ल्यूएस-465 को लेकर न्यायालय ने अंतरिम राहत प्रदान की है। इस क्वार्टर को अगली सुनवाई तक तोड़ने पर रोक रहेगी। मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को निर्धारित की गई है।
1986 में हुआ था निर्माण, 2016 से नोटिस
न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की एकलपीठ के समक्ष प्रस्तुत याचिका में बताया गया कि संबंधित भवन का निर्माण वर्ष 1986 में हुआ था और उसकी जर्जर स्थिति के आधार पर हाउसिंग बोर्ड तथा नगर निगम ने संयुक्त रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की है।
सुनवाई के दौरान हाउसिंग बोर्ड की ओर से बताया गया कि परियोजना के तहत 600 जनता क्वार्टर बनाए गए थे। इनमें से 110 का ही आवंटन किया जा सका, जबकि शेष पर अतिक्रमण है। भवनों को खाली कराने और ध्वस्तीकरण के लिए वर्ष 2016 से नोटिस जारी किए जा रहे हैं। रहवासियों को शिविर लगाकर भी कार्रवाई की जानकारी दी गई है।
पुनर्निर्माण के साथ 20% अतिरिक्त निर्माण का प्रस्ताव
हाउसिंग बोर्ड की ओर से न्यायालय को बताया गया कि पूरे परिसर के पुनर्निर्माण की योजना प्रस्तावित है। वैध आवंटियों को उनके वर्तमान कब्जे के अतिरिक्त 20 प्रतिशत निर्माण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी दिया गया है। निर्माण पूरा होने और पुनः कब्जा सौंपे जाने तक वैकल्पिक आवास के लिए किराया देने की बात कही गई है। यह किराया कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर के अनुसार दिया जाएगा।