
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ऐशबाग थाने के सामने स्थित जनता क्वार्टर खाली कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। मकान खाली कराने के विरोध में प्रदर्शन और हंगामे के दौरान जहरीला पदार्थ खाने वाली महिलाओं के खिलाफ पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है। हालांकि, एफआइआर दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
दरअसल, हाउसिंग बोर्ड ने करीब 40 साल पुराने और जर्जर हो चुके जनता क्वार्टरों को खाली कराने के लिए रहवासियों को नोटिस जारी किए थे। यहां करीब 600 क्वार्टरों में तीन हजार लोग रहते हैं। नोटिस मिलने के बाद बेघर होने की आशंका से रहवासियों में आक्रोश था।
इसी को लेकर चार नवंबर की रात विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ महिलाओं ने जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
यह भी पढ़ें- बैतूल काढ़ा कांड के बाद उजागर हुई लापरवाही, एमपी में बिना ठोस नियम और निगरानी के चल रहे नशा मुक्ति केंद्र
अब ऐशबाग पुलिस ने हाउसिंग बोर्ड की उपयंत्री स्वाति मसकोले की शिकायत पर सीमा बाथम, कमला बाई, लीगा बाई सहित अन्य महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। फिलहाल किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है।