
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देते हुए बदमाशों ने अब यात्रियों से भरी बसों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला बागसेवनिया इलाके का है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में एक चलती यात्री बस को ओवरटेक कर रोका और अंदर घुसकर गले पर चाकू अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के वक्त बस में करीब 20 यात्री सवार थे, जिनकी सुरक्षा दांव पर लग गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर में सार्वजनिक परिवहन की सुरक्षा और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद से न केवल बस चालक और कंडक्टर, बल्कि आम यात्री भी खौफ के साये में सफर करने को मजबूर हैं।
बागसेवनिया थाने के एसआइ शिरोमणि सिंह ने बताया कि पीरिया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय रोहित लोधी भोपाल से मंडीदीप के बीच चलने वाली बस में कंडक्टर हैं। 13 नवंबर को वह मंडीदीप से यात्रियों को लेकर भोपाल आ रहे थे। बस में करीब 20 सवारियां मौजूद थीं। जैसे ही बस नारायण नगर बस स्टाप के पास पहुंची, बाइक पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने बस को ओवरटेक कर जबरन रुकवा लिया। इससे पहले कि चालक या यात्री कुछ समझ पाते, बदमाश बस के भीतर घुस गए।
आरोपियों ने कंडक्टर के गले पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए करीब एक हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुए इस हमले से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार और दहशत फैल गई। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन वे हाथ नहीं आए। घटना के तीन दिन बाद बागसेवनिया थाना पुलिस ने नसीम ब्रेक और उसके साथियों पर एफआइआर दर्ज की है।
इस पूरी वारदात के पीछे पुराने शहर के शातिर बदमाश यासीन मजिस्ट्रेट, नसीम ब्रेकर और उनके गिरोह का हाथ सामने आया है। यह गिरोह इन दिनों भोपाल-मंडीदीप रूट पर चलने वाले बस चालकों और कंडक्टरों से अवैध वसूली के लिए अड़ीबाजी कर रहा है। इस मामले में मंगलवारा थाने में भी एक अलग एफआइआर दर्ज की गई है।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ के लिए प्रशासनिक फेरबदल, दो अफसरों को बनाया उप मेला अधिकारी, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू
मंगलवारा टीआइ अजय सोनी के मुताबिक, बाग फरहत अफ्जा निवासी 36 वर्षीय बस चालक अनवर खान ने शिकायत दर्ज कराई है कि यासीन मजिस्ट्रेट, नसीम ब्रेकर, शानू और शादाब आए दिन उससे रुपयों की मांग कर गाली-गलौच करते हैं। रुपये न देने पर आरोपितों ने 10 नवंबर को भारत टाकीज चौराहे पर उसके साथ मारपीट की और लगातार फोन पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पुलिस रिकार्ड के अनुसार, यासीन और नसीम शातिर अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही फायरिंग, लूट और हत्या के प्रयास जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं। फिलहाल दोनों थानों की पुलिस आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।