
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुगम बस परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट करके कहा कि हम जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। हमने अपने संकल्प पत्र में बस सेवा प्रारंभ करने का वादा किया था, उस संकल्प को पूरा करके दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने एक्स में पोस्ट में लिखा है- पिछले दो दशकों में शासकीय बसों का संचालन बंद होने के कारण ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन का बड़ा अभाव बना हुआ था। दूर-दराज के कई गांव मुख्य सड़कों से कट गए थे। गांव-देहात के हमारे गरीबों, किसानों एवं छात्र-छात्राओं को आने-जाने के लिए सीमित साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था।
हम जो कहते हैं, करके दिखाते हैं...
'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' एवं 'पीएम ई-बस सेवा' के माध्यम से कल मध्यप्रदेश के नागरिकों, विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में रहने वाले भाई-बहनों के जीवन में सुगम परिवहन के द्वारा परिवर्तन लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है।…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 26, 2026
हमने अपने 'संकल्प पत्र' में बस सेवा प्रारंभ करने का उल्लेख किया था, जिसे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में शुक्रवार को धरातल पर साकार कर दिया। राज्यभर में 1,500 बसों से शुरू हुई इस सेवा को वर्ष 2029 तक 15,000 बसों तक ले जाने का लक्ष्य रखा है, ताकि प्रदेश के हर व्यक्ति तक सुगम बस परिवहन की सुविधा पहुंच सके।
यह भी पढ़ें- MP Weather: भोपाल-विदिशा समेत 43 जिलों में बारिश का अलर्ट, 7 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी