
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) अगले वर्ष फरवरी में प्रारंभ होने की आशा है। इसके शुरू होने पर बसों की लाइव लोकेशन, ऑनलाइन टिकटिंग सिस्टम और सुरक्षा के लिए प्रत्येक बस में चार सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस व्यवस्था के लागू होने पर यात्रियों को बसों के इंतजार में बस स्टैंड पर अनावश्यक समय नहीं बिताना पड़ेगा।
मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे बस की लाइव लोकेशन, उसके पहुंचने का अनुमानित समय, किराया, रूट और समय सारणी की जानकारी मिल सकेगी। यात्री सीटों की उपलब्धता देखकर ऑनलाइन टिकट भी बुक कर सकेंगे।
टिकट के भुगतान के लिए यूपीआई, नकद, डिजिटल वॉलेट, स्मार्ट कार्ड और नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जैसे विकल्प उपलब्ध कराने की योजना है। यात्रा के दौरान आपात स्थिति में पैनिक बटन और एसओएस अलर्ट के जरिए मदद मांगने की सुविधा भी मिलेगी।
मध्य प्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड (एमपीवाईपीआईएल) ने बुधवार को आईटीएमएस के लिए प्री-बिड मीटिंग की थी। पूरी निविदा प्रक्रिया एक माह में पूरा करने का लक्ष्य है। आईटीएमएस को हाइब्रिड एन्युटी आधारित सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाना प्रस्तावित है।
इसे देश में अपनी तरह की पहली परियोजना बताया जा रहा है। बता दें कि अभी पीएम ई-बस सेवा सहित 1500 बसें सुगम परिवहन सेवा में संचालित हो रही हैं, एक वर्ष के भीतर कुल 2500 बसें चलाने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- जेल में बंद त्विषा शर्मा के पति समर्थ सिंह ने बताया अपनी जान को खतरा, प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा, लगाए 4 प्रहरी
एक प्रदेशस्तरीय इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। यहां से बसों की आवाजाही, संचालन, सुरक्षा और यात्रियों की शिकायतों की निगरानी होगी। प्रत्येक बस में प्रस्तावित चार सीसीटीवी कैमरों से मिलने वाली फुटेज की दूरस्थ निगरानी और वीडियो विश्लेषण किया जा सकेगा।
जीपीएस के जरिए ओवरस्पीडिंग, निर्धारित मार्ग से बस के हटने, स्टॉपेज छोड़ने और तय दूरी की जानकारी भी मिल सकेगी। इसी तरह से संभागीय मुख्यालयों के स्तर पर सात कमांड एवं कंट्रोल सेंटर बनाए जाएंगे।
शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर इसे प्रारंभ करने की तैयारी है। इसमें व्हीकल लोकेशन सिस्टम, पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम, स्मार्ट टिकटिंग सहित कई मॉड्यूल हैं। - मनीष सिंह, सचिव, परिवहन विभाग