
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी के कमला नगर थाना क्षेत्र के नेहरू नगर इलाके में सुरक्षा दावों की पोल खोलती एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार तड़के करीब 2 बजे एक कारोबारी के घर के बाहर खड़ी उनकी कार पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। यह पूरी वारदात पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर कमला नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
कमला नगर थाना पुलिस के अनुसार कार मालिक और कारोबारी आलोक मलिक ने कमला नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, आलोक मलिक ने हमेशा की तरह अपनी कार अपने घर के बाहर पार्क की थी। रात के 12 बजे तक वाहन पूरी तरह सुरक्षित और अपनी जगह पर नजर आ रहा था।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि चेहरे ढके हुए तीन बदमाश योजनाबद्ध तरीके से वाहन के पास पहुंचे। उन्होंने कार के आगे और पीछे दोनों तरफ बोतलों से पेट्रोल डाला। इसके बाद उनमें से एक बदमाश ने वाहन में आग लगा दी और तीनों अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस का अनुमान है कि बदमाशों ने कालोनी में प्रवेश करने से कुछ दूरी पहले अपना वाहन खड़ा किया होगा। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनका रूट चार्ट तैयार कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके के रहवासियों में भारी रोष और दहशत का माहौल है। कमला नगर और टीटी नगर क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों का पुराना इतिहास रहा है, जहां बदमाश अक्सर पुरानी रंजिश के चलते नकाब पहनकर आते हैं और वाहनों में तोड़फोड़ या आगजनी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
स्थानीय निवासी राकेश रजक ने बताया कि इस प्रकार की लगातार हो रही घटनाएं पुलिस गश्त की पोल खोलती हैं। बदमाश बेखौफ होकर घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर फरार हो जाते हैं और पुलिस हाथ मलती रह जाती है। कमला नगर थाना प्रभारी निरुपमा पांडे ने बताया कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की पहचान के लिए विशेष टीमों का गठन किया है और गिरफ्तारी के बाद ही घटना के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- 450 करोड़ का हाईटेक रेलवे स्टेशन बना मवेशियों का ठिकाना, रानी कमलापति स्टेशन पर बेखौफ घूमती दिखीं भैंसें