ANM भर्ती घोटाले में खुलासा : भोपाल में दलाल ने कई लोगों से की सौदेबाजी, कॉल रिकॉर्डिंग आई सामने
भर्ती घोटाले से जुड़ी एक नई कॉल रिकॉर्डिंग में सौदेबाजी की बाते सामने आई हैं। दलाल खलील खान 1 लाख 66 हजार रुपये में एएनएम की नौकरी दिलाने की बात करता सुनाई दे रहा है। नईदुनिया के कैमरा स्टिंग में एएनएम भर्ती में सौदेबाजी का खुलासा हुआ था।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 11:38:45 AM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 12:16:56 PM (IST)
नईदुनिया के कैमरा स्टिंग में 2023 बैच के लिए 2.25 लाख और 2024 बैच के लिए 2.60 लाख रुपये की मांग का खुलासा हुआ था। फोटो एआई की मदद से तैयार किया गया है।HighLights
- काल रिकॉर्डिंग में सौदेबाजी का दावा
- पहले स्टिंग में मांगे थे 2.25 से 2.60 लाख रुपये
- भर्ती निरस्त कराने लामबंद हुए अभ्यर्थी
मुकेश विश्वकर्मा, नईदुनिया, भोपाल। स्वास्थ्य विभाग में नर्स (एएनएम) की नौकरी दिलाने के लिए सौदेबाजी के खुलासे के बाद इसके शिकार सामने आने लगे हैं। एक अभ्यर्थी के पिता ने नईदुनिया को काल रिकार्डिंग सौंपी है, जिसमें दलाल खलील खान कम से कम एक लाख 66 हजार रुपये में नौकरी दिलाने की बात कह रहा है। इसमें दलाल कह रहा है कि 10 से 15 अभ्यर्थी उसे पैसा दे चुके हैं।
रिकार्डिंग में अभ्यर्थी के पिता ऑनलाइन आवेदन भरने और उसकी रसीद भेजने के बारे में पूछते हैं। इस पर खलील खान कहता सुनाई दे रहा है कि सभी के ऑनलाइन फार्म भरवाकर उनकी रसीद वाट्सएप कर दें। वह दावा करता है कि वंदना मैडम से उसकी बात हो रही है और उन्होंने 2024 बैच के अभ्यर्थियों के आवेदन की रसीद भेजने के लिए कहा है।
बातचीत के दौरान जब कुल अभ्यर्थियों की संख्या पूछी जाती है तो वह 10-12 बताते हुए 15 तक होने की बात कहता है। इसके बाद एक केस के लिए 1.66 लाख रुपये से कम नहीं होने की बात कहता है। साथ ही कहता है कि संबंधित पक्ष इससे कम करने पर तैयार नहीं है।
स्टिंग में कैमरे पर 2.25 लाख मांगे
इससे पहले नईदुनिया के स्टिंग में इसी खलील खान ने 2024 बैच की अभ्यर्थी के लिए 2.60 लाख और 2023 बैच के लिए 2.25 लाख रुपये की मांग की थी। अब सामने आई दूसरी रिकॉर्डिंग में अलग-अलग अभ्यर्थियों के आवेदन और प्रति केस रकम की बात हो रही है। बातचीत में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित लोगों का पक्ष सामने आना बाकी है।
एएनएम अभ्यर्थियों ने खोला मोर्चा
नईदुनिया में एएनएम भर्ती में नौकरी के लिए सौदेबाजी के खुलासे के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। एएनएम अभ्यर्थियों ने भी मोर्चा खोल दिया है।
एएनएम संगठनों की नेता ममता हिरवे ने बताया कि 30 नवंबर को प्रदेशभर से 300 से अधिक अभ्यर्थी भोपाल पहुंचकर उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल के सामने मौजूदा एएनएम भर्ती प्रक्रिया निरस्त करने की मांग करेंगे।