
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आने वाले गर्मी के मौसम से पहले जल संरक्षण और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट कर दिया कि जल गंगा संवर्धन अभियान 2026-27 के तहत सात अप्रैल से 30 जून तक जिले में व्यापक स्तर पर जल संरक्षण के कार्य किए जाएंगे।
इसके लिए सभी विभागों को अभी से ठोस कार्ययोजना तैयार करने और जिले के प्रत्येक शासकीय भवन व संस्थान में रूफटाप वाटर हार्वेस्टिंग और वाटर रिचार्ज संरचनाएं अनिवार्य रूप से बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शहर की नहरों की बदहाली पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग और नगर निगम को आपसी समन्वय से भोपाल की समस्त नहरों की प्रभावी साफ-सफाई, कचरा संग्रहण और अर्बन कैनाल मैनेजमेंट के तहत सुंदरीकरण कराने को कहा। साथ ही इन स्थलों का नियमित स्पाट इंस्पेक्शन भी किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने एसडीएम और तहसीलदारों से शहर की स्वच्छता पर विशेष फोकस करने को कहा। धूल और प्रदूषण रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर ग्रीन नेट लगाने और नियमित वाटर स्प्रिंकलर से पानी छिड़काव के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- देवास में बाइक सवार को बचाने में पलटा पाम ऑयल से भरा टैंकर, डिब्बे लेकर भरने पहुंचे लोग
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने और शिकायतों को अनावश्यक दूसरे विभागों में ट्रांसफर न करने की हिदायत दी। इसके अलावा कृषक कल्याण वर्ष के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने, लोक सेवा गारंटी की सेवाएं तय समय में देने और सभी विभागों को ई-आफिस प्रणाली पर काम करने के लिए पाबंद किया गया।