
नईदुनिया प्रतिनिधि, देवास। गुजरात के गांधीधाम से पाम ऑयल भरकर देवास के समीप सिया के औद्योगिक क्षेत्र जा रहा टैंकर जीजे 39 टीए 7418 बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर मंगलवार सुबह शहर से बाहर मक्सी बायपास पर पलट गया। टैंकर पलटने की जानकारी मिलने के बाद कई लोग डिब्बे लेकर पाम ऑयल भरने के लिए पहुंच गए।
गनीमत रही कि हादसे में ड्राइवर या किसी अन्य को गंभीर चोट नहीं आई। चालक के अनुसार करीब 40 हजार लीटर से अधिक पाम ऑयल भरा हुआ था जिसमें से अधिकांश बह गया है।
टैंकर के ड्राइवर राजस्थान के अजमेर जिले के निवासी नंद सिंह राठौड़ ने बताया 15-20 लोग डिब्बे लेकर पाम ऑयल भरने पहुंचे थे। इनमें एक-दो को हटाता तो दूसरे आ जाते थे। टैंकर देवास से करीब सात-आठ किमी दूर पारले कंपनी में खाली करने जा रहे थे।
बायपास पर अचानक तेज गति से एक बाइक सवार आ गया, उसको बचाने का प्रयास किया तो वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पास में एक नाला है, अधिकांश पाम ऑयल उसी में बह गया।
यह भी पढ़ें- देवास पटाखा ब्लास्ट: 12 मौतों के आरोपियों को मिली जमानत, HC बोला- पार्टनर होना जुर्म का सबूत नहीं
जिस स्थान पर पाम ऑयल से भरा टैंकर पलटा है, वहां पूर्व में भी कई हादसे हो चुके हैं। कुछ साल पहले यहां टायर व कपड़ों से भरे ट्रकों में आग भी लग चुकी है। टैंकर पलटने के बाद इसकी जानकारी दोपहर तक पुलिस को नहीं मिल सकी थी। दोपहर करीब पौने दो बजे कुछ लोगों ने मौके से मोबाइल फोन पर यातायात टीआई पवन कुमार बागड़ी से संपर्क करके बताया, इसके बाद उन्होंने कहा टीम को मौके पर भिजवाते हैं।
यह भी पढ़ें- देवास में हादसे के बाद बदला दिखा पुलिस का मिजाज, आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस; लोगों को फटकारा