• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • दिवाली पूजन 2026
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • भोपाल

भोपाल में कार अटैचमेंट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! किराये पर लेकर दूसरे राज्यों में बेचीं गाड़ियां, 50 कारें जब्त

थोड़ी सी डाउन पेमेंट देकर नई कार खरीदना और उसे सरकारी विभाग में अटैच कराकर उसकी मासिक कमाई से किश्त चुकाना। अतिरिक्त आमदनी के इस तरीके को ठगों ने कार मालिकों के लिए बड़े जोखिम में बदल दिया है।

By Digital DeskEdited By: ADITYA KUMAR
Publish Date: Wed, 11 Nov 2026 06:53:07 PM (IST)Updated Date: Wed, 11 Nov 2026 07:06:55 PM (IST)
  • को पसंदीदा स्रोत बनाएं preferred source google
भोपाल में कार अटैचमेंट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! किराये पर लेकर दूसरे राज्यों में बेचीं गाड़ियां, 50 कारें जब्त
भोपाल में कार अटैचमेंट के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा (AI Image)

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। थोड़ी सी डाउन पेमेंट देकर नई कार खरीदना और उसे सरकारी विभाग में अटैच कराकर उसकी मासिक कमाई से किश्त चुकाना। अतिरिक्त आमदनी के इस तरीके को ठगों ने कार मालिकों के लिए बड़े जोखिम में बदल दिया है। ट्रैवल एजेंसी संचालक सरकारी विभागों में कार अटैच कराने का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपये कीमत की गाड़ियां किराये पर लेते हैं।

इसके बाद उन गाड़ियों को विभाग में लगाने के बजाय दूसरे राज्यों में ले जाकर सस्ते दामों पर बेच देते हैं या गिरवी रख देते हैं। भोपाल में ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शहर के किसी न किसी थाने में लगभग हर महीने इस तरह की धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज हो रहे हैं। भोपाल पुलिस इस साल करोड़ों रुपये कीमत की करीब 50 कारें जब्त कर चुकी है।


बिना टेंडर-वर्क आर्डर जांचे लोग सौंप रहे नई गाड़ियां

ठगी का तरीका यह है कि आरोपित खुद को ट्रैवल एजेंसी संचालक बताकर कार मालिकों से संपर्क करते हैं। वे सरकारी विभागों में गाड़ियां अटैच कराने और हर महीने निश्चित आकर्षक किराया देने का भरोसा दिलाते हैं। इस झांसे में आकर लोग नई कार खरीदकर उन्हें सौंप देते हैं।

कई मामलों में कार मालिक केवल साधारण किरायानामा या एग्रीमेंट कराते हैं। न तो संबंधित सरकारी विभाग का वर्क आर्डर देखते हैं और न ही यह जांचते हैं कि ट्रैवल एजेंसी को वास्तव में टेंडर मिला है या नहीं।

गाड़ी हाथ में आने के बाद आरोपित उसे दूसरे राज्यों में ले जाते हैं। वहां खरीदार या फाइनेंसर को बताया जाता है कि रुपयों की तत्काल जरूरत है। इसके बदले कार को दो से पांच लाख रुपये में गिरवी रखने का प्रस्ताव दिया जाता है। भरोसा दिलाया जाता है कि रकम लौटाने पर गाड़ी के पूरे दस्तावेज दे दिए जाएंगे। कई बार कार सस्ते दामों पर बेच भी दी जाती है। इस तरह मूल मालिक को उसकी गाड़ी नहीं मिलती और जिसे गाड़ी गिरवी रखी या बेची जाती है, वह भी ठगी का शिकार हो सकता है।

लोकेशन ट्रेसिंग रोककर मोबाइल कर लेते हैं बंद

भोपाल में इस तरह ठगी के हुए मामलों में सामने आया है कि कार हाथ में आते ही ठग सबसे पहले उसका जीपीएस बंद कर देते हैं, ताकि मालिक उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। इसके बाद मोबाइल नंबर बंद कर संपर्क तोड़ लेते हैं। कुछ समय तक किराया देने या विभाग में गाड़ी अटैच होने का भरोसा दिलाते रहते हैं, फिर वाहन को दूसरे राज्य ले जाकर गिरवी रख देते हैं या बेच देते हैं।

80 लाख की लग्जरी कारें बेचने वाला आरोपित गिरफ्तार

अयोध्या नगर पुलिस ने एयरपोर्ट और सरकारी विभागों में कारें अटैच कराने का झांसा देकर वाहन बेचने वाले गिरोह के एक सदस्य आलोक चौबे को गिरफ्तार किया। आरोपित ने साथियों के साथ मिलकर किसानों और वाहन मालिकों से लग्जरी कारें किराये पर लीं और सस्ते दामों पर बेच दीं। पुलिस ने करीब 80 लाख रुपये कीमत के पांच वाहन बरामद किए।

अरेरा हिल्स पुलिस ने पकड़ीं चार करोड़ की 36 कारें

अरेरा हिल्स पुलिस ने ट्रैवल एजेंसियों और निजी वाहन मालिकों से कारें किराये पर लेकर बेचने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड शैलेश जोशी समेत छह आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरोह भोपाल से कारें सीहोर के दोराहा ले जाकर जीपीएस बंद कर देता था और फर्जी दस्तावेजों से ग्रामीण क्षेत्रों में बेचता था। पुलिस करीब चार करोड़ रुपये कीमत की 36 कारें बरामद कर चुकी है।

फर्जी वाहन मालिक बनकर बेचते थे गाड़ियां

बागसेवनिया पुलिस ने किराये पर ली गई गाड़ियों को फर्जी तरीके से बेचने वाले गिरोह के सदस्य राहुल जोशी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सैयद जमीर, शम्मी खान और समीर खान समेत अन्य के नाम सामने आए। आरोपित कारों को फर्जी वाहन मालिक बनकर बेचते या गिरवी रखते थे। पुलिस ने करीब 1.10 करोड़ रुपये कीमत के आठ वाहन जब्त किए।

यह भी पढ़ें- भाजपा सांसद के किसानों को 'नशेड़ी' कहने पर बवाल, जीतू पटवारी बोले- अब किसानों को अपमानित कर रहे

कार किराये पर देने से पहले ये तीन सावधानियां जरूरी

  • कमर्शियल रजिस्ट्रेशन कराएं: निजी उपयोग के लिए पंजीकृत कार को किराये या व्यावसायिक उपयोग के लिए देने से पहले नियमानुसार कमर्शियल रजिस्ट्रेशन और जरूरी परमिट सुनिश्चित करें।
  • विभाग का वर्क आर्डर देखें: जिस सरकारी विभाग में कार अटैच करने की बात कही जा रही है, उसका वैध वर्क आर्डर और टेंडर संबंधी दस्तावेज जरूर जांचें।
  • ट्रैवल एजेंसी से सीधा अनुबंध करें: जिस एजेंसी को विभाग का टेंडर मिला है, उसी के साथ सीधे लिखित अनुबंध करें। उसमें किराया, अवधि, वाहन का उपयोग, दस्तावेजों की जिम्मेदारी और गाड़ी वापस करने की शर्तें स्पष्ट लिखवाएं।

वाहनों को किराये पर लेकर धोखाधड़ी करने के मामलों को पुलिस गंभीरता से ले रही है। ऐसे प्रकरणों की जांच कर आरोपितों के खिलाफ तत्परता से कार्रवाई की जा रही है। - संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल

एक क्लिक पर पढ़ें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें। Hindi News पढ़ें। MP News, Chhattisgarh news, आज का राशिफल और आज का मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पढ़ें।