
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। "भाजपा सरकार ने कहा था गेहूं के 2700 रुपये क्विंटल के दाम देंगे, धान के 3100 देंगे, सोयाबीन के 6 हजार रुपये क्विंटल देंगे, आज तक एक कदम भी आगे नहीं बढ़े। कुल मिलाकर अब बीजेपी के सांसद जनार्दन मिश्रा यह कहते हैं किसान नशेड़ी हैं। मतलब किसान कर्जदार है, परेशान है, दुखी है, किसान इस सरकार की यातनाएं झेल रहा है और जब सवाल करता है तो बीजेपी कहती है कि आप नशेड़ी हैं।"
यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राघौगढ़ में दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा में जाते समय उदनखेड़ी में मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के किसानों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर न सिर्फ सांसद को घेरा, बल्कि साथ में भाजपा व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर भी सीधा निशाना साधा।
उन्होंने आगे कहा कि यह किसान भाइयों को देखना है, जागना है, समझना है। अब पूरे प्रदेश में जनार्दन मिश्रा के भी पुतले जलेंगे और मोहन यादव के भी जलेंगे। किसानों को नशेड़ी नहीं कह सकते। किसानों को लाइट नहीं मिलती है। वह दिन व रात में मेहनत करते हैं और यह कहते हैं कि किसान नशेड़ी हैं। इन्हें हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
उन्होंने किसानों को लेकर सांसद द्वारा दिए गए बयान पर न सिर्फ ऐतराज जताया, बल्कि बयान की कड़ी निंदा की व इसे सरकार की किसानों के प्रति मानसिकता बताया। इस मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत भी किया। इस मौके पर रोशन खत्री, शांतिलाल नागर, किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमसिंह राजपूत सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
प्रदेशाध्यक्ष ने मौके से ही प्रदेश के कार्यकर्ताओं को सांसद व मुख्यमंत्री का पुतला जलाने के निर्देश दिए। इसके बाद उदनखेड़ी के कार्यकर्ताओं ने सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा द्वारा किसानों को लेकर दिए गए विवादित बयान का अब जिले में भी जगह-जगह विरोध हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया जा रहा है। इसी के तहत राजगढ़ के नाका नंबर तीन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। किसानों को नशे जैसी आदतों से जोड़कर दिए गए बयान के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ एवं किसान कांग्रेस द्वारा पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
यह भी पढ़ें- MP के 55 जिलों में मैदानी पोस्टिंग से प्रमोटी महिला IPS गायब, रिटायरमेंट के बाद खाली पड़ी है फील्ड