
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। एमपी नगर स्थित डीबी मॉल के सामने बीते रविवार की शाम लापरवाही के चलते एक हादसा हुआ। सड़क पार करते समय बिजली के खंभे से करंट लगने से 30 वर्षीय दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई।
इस गंभीर मामले में मुख्यमंत्री के एक्शन के बाद एमपी नगर पुलिस ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस (उपेक्षापूर्ण कार्य से मृत्यु कारित करना) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। साथ ही, कलेक्टर के निर्देश पर चार सदस्यीय समिति इस पूरी घटना की जांच कर रही है।
एमपी नगर टीआई जयहिंद शर्मा ने बताया कि पत्रकार कॉलोनी (लिंक रोड नंबर 3) निवासी दिव्यऋषि तिवारी शाम करीब 7:30 बजे डीबी मॉल के सामने कट प्वाइंट से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान उनका हाथ वहां लगे बिजली के खंभे और लोहे की राड से छू गया, जिसमें भारी करंट दौड़ रहा था।
हादसे के बाद चित्रांशु चतुर्वेदी उन्हें तत्काल नर्मदा अस्पताल और फिर एम्स लेकर गए, जहां एम्स के डॉ. राहुल कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एमपी नगर थाने की प्रारंभिक जांच और प्रधान आरक्षक सिंकू सिंह द्वारा की गई पंचनामा कार्रवाई में यह स्पष्ट हुआ है कि संबंधित एजेंसी ने घोर लापरवाही बरतते हुए खंभे और राड को खुला छोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें- पीएम सूर्य घर योजना: एमपी के 64,644 उपभोक्ताओं को मिली ₹440 करोड़ से अधिक की सब्सिडी
शहर के सबसे व्यस्त और आमजन की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में करंट लीकेज का कोई सुरक्षा ऑडिट नहीं किया गया। पुलिस अब जिम्मेदार एजेंसी की जानकारी जुटा रही है, ताकि जवाबदेही तय कर आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस की एफआईआर में किसी का नाम नहीं है।
बता दें कि इस पूरे हादसे को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव के निर्देश के बाद कलेक्टर के निर्देश पर 4 सदस्यीय समिति पूरे मामले की जांच कर रही है, उसके आधार पर आगे धाराएं बढ़ाई जाएंगी।