
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यक्षेत्र के 16 जिलों में अब तक 64 हजार 644 उपभोक्ता पंजीकृत हो चुके हैं। कंपनी के अनुसार इन उपभोक्ताओं के खातों में 440 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की सब्सिडी जमा कराई जा चुकी है।
योजना के तहत एक किलोवाट का सौर संयंत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 60 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता का संयंत्र लगाने पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी दी जा रही है।
योजना में शामिल होने के लिए उपभोक्ताओं को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इसके बाद कंपनी में पंजीकृत अधिकृत विक्रेता से ही सौर संयंत्र लगवाना होगा। कंपनी ने बताया कि सब्सिडी समय पर प्राप्त करने के लिए बैंक खाते, आधार कार्ड और बिजली बिल में उपभोक्ता का नाम समान होना जरूरी है।
एक दिसंबर 2024 से योजना के तहत लगाए जा रहे सौर संयंत्रों में केवल स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार स्मार्ट मीटर निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने से उपभोक्ताओं के विक्रेता को किए जाने वाले भुगतान में करीब छह से आठ हजार रुपये तक की कमी हो रही है।