भोपाल: झांकी ले जाते हुए तेज DJ बजाने पर पुलिस से धक्का-मुक्की; देर रात टीटीनगर थाने के सामने प्रदर्शन, 4 पर केस
भोपाल के टीटी नगर क्षेत्र में अपेक्स बैंक तिराहे के पास कालीजी की झांकियां ले जाते समय तेज आवाज में डीजे बजाने पर पुलिस ने आवाज कम करने को कहा, जिसके ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 12:09:44 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 12:09:44 PM (IST)
डीजे बजाने को लेकर पुलिस की समझाइश के दौरान विवाद में धक्का-मुक्की करती भीड़। सौ- सोशल मीडियाHighLights
- रात दो बजे तेज आवाज में डीजे बजाने पर विवाद
- चार डीजे संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज
- वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। टीटीनगर क्षेत्र में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे तेज आवाज में डीजे बजाकर झांकियां ले जा रहे लोगों को रोकने पर विवाद हो गया। अपेक्स बैंक तिराहे के पास तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर टीटीनगर पुलिस ने चार डीजे संचालकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस से धक्का-मुक्की का आरोप
पुलिस के अनुसार डीजे की आवाज धीमी करने की समझाइश देने पर हिंदू संगठन से जुड़े लोगों ने विवाद किया। घटना के एक वीडियो में कुछ लोग पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं। वहीं, संगठन के लोगों ने भी पुलिस पर धक्का-मुक्की करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार 12 दफ्तर क्षेत्र में रहने वाला गोविंद खटीक और इसी क्षेत्र में रहने वाले नीरज प्रजापति कालीजी की प्रतिमाएं लेकर जा रहे थे। दोनों की झांकियों में दो-दो डीजे बज रहे थे। रात करीब दो बजे अपेक्स बैंक तिराहे के पास तेज आवाज सुनकर पुलिस ने डीजे धीमे करने को कहा। इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
थाने के सामने प्रदर्शन
उस समय टीटीनगर पुलिस के साथ रात्रि गश्त कर रहे कमलानगर थाने में पदस्थ एसआई शैलेंद्र राजावत भी मौजूद थे। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने टीटीनगर थाने के सामने प्रदर्शन किया और पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत की।
उन्होंने बुधवार को कमलानगर थाने का घेराव करने की चेतावनी भी दी। हालांकि, बाद में अधिकारियों की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया। पुलिस ने चार डीजे संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।