CBI ने भोपाल CGST सुपरिटेंडेंट को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा; घरों की तलाशी में मिले 72.50 लाख नकद
सीबीआई ने भोपाल सीजीएसटी और सेंट्रल एक्साइज कमिश्नरेट की प्रिवेंटिव ब्रांच के सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को नर्मदापुरम रोड पर डी-मार्ट के पास कथि...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 12 Oct 2026 08:05:28 AM (IST)Updated Date: Mon, 12 Oct 2026 08:24:10 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- दो लाख रुपये की रिश्वत लेते सुपरिटेंडेंट गिरफ्तार
- कबाड़ कारोबारी से हर महीने रिश्वत मांगने का आरोप
- भोपाल और कानपुर में तलाशी, 72.50 लाख रुपये नकद मिले
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। सीबीआई ने शनिवार को भोपाल में सीजीएसटी और सेंट्रल एक्साइज कमिश्नरेट की प्रिवेंटिव ब्रांच (मुख्यालय) के सुपरिटेंडेंट राजेश कुमार गुप्ता को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। उन पर भोपाल के कबाड़ कारोबारी से हर महीने दो लाख रुपये मांगने का आरोप है।
मुबीन खान की शिकायत पर शनिवार को एफआइआर दर्ज करने के बाद एजेंसी ने जाल बिछाया और राजेश कुमार को नर्मदापुरम रोड पर डी-मार्ट के पास पकड़ लिया।
घरों से मिले 72.50 लाख रुपये नकद
भोपाल और कानपुर स्थित उनके घरों की तलाशी में 72.50 लाख रुपये नकद और अचल संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले। मंडीदीप निवासी कबाड़ कारोबारी मुबीन खान ने शिकायत में बताया कि इंदौर, गुना और इटारसी से वाहनों के जरिये कबाड़ भोपाल लाया जाता है।
15 सितंबर 2026 को इंदौर से भोपाल आ रहे उनके एक वाहन को राजेश कुमार ने ई-वे बिल नहीं होने के कारण रोक लिया और उसी रात मंडीदीप स्थित उनके गोदाम पर छापा मारा गया।
कारोबार बर्बाद करने की धमकी
आरोप है कि कारोबार बर्बाद करने की धमकी देकर अधिकारी ने उनसे 11 लाख रुपये लिए थे। शिकायत के मुताबिक, सितंबर के अंतिम सप्ताह में राजेश ने कारोबारी को जहांगीराबाद के काफी हाउस में मिलने बुलाया।
आरोप है कि वहां उसने कबाड़ से लदे वाहन न रोकने और कारोबार में बाधा न डालने के बदले हर महीने की 10 तारीख को दो लाख रुपये देने की मांग की।
9 अक्टूबर को अधिकारी ने वाट्सएप कॉल कर अगले दिन नर्मदापुरम रोड पर शनि मंदिर के पास मिलने को कहा। कारोबारी डी-मार्ट के पास उनसे मिला, जहां रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।