बीयू में सामने आए नकल के 400 केस, अब MP में 8 जिलों के सेंटरों पर लगेंगे CCTV, मोबाइल और स्मार्ट वॉच पर रोक
मोबाइल और स्मार्ट वॉच सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष के बाहर जमा कराने होंगे। 8 जिलों के केंद्रों की निगरानी के लिए पांच उड़नदस्ते औचक निरीक्षण करेंगे।
Publish Date: Mon, 26 Oct 2026 12:11:27 PM (IST)Updated Date: Mon, 26 Oct 2026 12:11:27 PM (IST)
बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू), भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- परीक्षाओं में अब तक करीब 400 नकल प्रकरण
- आठ जिलों के परीक्षा केंद्रों पर लगेंगे सीसीटीवी
- स्मार्ट वॉच और मोबाइल परीक्षा कक्ष से बाहर जमा होंगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) की व्यावसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षाएं संपन्न हो चुकी हैं। इस वर्ष जनवरी से शुरू हुई परीक्षाओं में अब तक करीब 400 नकल प्रकरण बने हैं। सबसे अधिक 50 नकल प्रकरण बीएससी प्रथम वर्ष में बने हैं। बीए प्रथम वर्ष के 45 नकलची पकड़े गए हैं।
वहीं बीएससी प्रथम वर्ष में 50, बीए फर्स्ट इयर में 45 प्रकरण बनाए गए। बीकाम प्रथम में 38 व बीएड प्रथम सेमेस्टर में 28, बीएससी द्वितीय वर्ष में 26 और बीकाम द्वितीय वर्ष में 13 व तृतीय वर्ष में 18 प्रकरण उड़नदस्तों द्वारा बनाए गए हैं। इसमें स्मार्ट वॉच से नकल प्रकरण के अधिक मामले बने हैं।
कुलगुरु ने दिखाई सख्ती
विवि प्रबंधन का कहना है कि एमबीए, बीएड, एमएड, एलएलबी, एलएलएम और बीएएलएलबी के साथ पारंपरिक पाठ्यक्रम की परीक्षाओं में यह नकल प्रकरण बनाए गए हैं। इस संबंध में बीयू के नवनियुक्त कुलगुरु प्रोफेसर दीन दयाल बेदिया सभी विभागों के विभागाध्यक्षों की बैठक कर निर्देश दिए कि आगामी नवंबर या दिसंबर की परीक्षाओं में निगरानी को अधिक सख्ती की जाए।
सीसीटीवी से निगरानी
प्रदेश के आठ जिलों में बने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी लगाए जाए। जिन केंद्रों पर सीसीटीवी लगे हैं,उनके संचालन का परीक्षण किया जाए। परीक्षा केंद्रों के गेट पर विद्यार्थियों की जांच की व्यवस्था की जाए। मोबाइल, स्मार्ट वॉच सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष से बाहर जमा कराया जाए।
स्मार्ट वॉच से किए जा रहे नकल
कुछ विद्यार्थियों ने नकल करने के लिए तकनीक का सहारा लिया। वे स्मार्ट वाच के एसएमएस बाक्स में उत्तर सेव करके परीक्षा में इस्तेमाल कर रहे थे। कुछ ने अपनी घड़ियों में शार्ट आंसर लिखकर रखे थे, जिससे उन्हें छोटे अंक वाले प्रश्न हल करने में आसानी हुई।
उड़नदस्तों की टीम रहेगी सक्रिय
कुलगुरु बेदिया ने बताया कि परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने के लिए उड़नदस्तों को अधिक सक्रिय किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी, औचक निरीक्षण और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। नकल या फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आठ जिलों के परीक्षा केंद्रों के लिए पांच उड़नदस्तों की टीम रहेगी, इसमें करीब पांच से छह सदस्य रखे गए हैं।