_2026424_154551_m_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से चलाए जा रहे संपर्क अभियान 2026 के तहत भोपाल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 814 शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में उपभोक्ताओं की 42 हजार 724 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया है। अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके घर के नजदीक बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है।
कंपनी के अनुसार, भोपाल शहर वृत्त में 483 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 30 हजार 163 शिकायतों का निराकरण किया गया। वहीं, भोपाल ग्रामीण वृत्त में 331 शिविरों के माध्यम से 12 हजार 561 शिकायतों का समाधान किया गया। इस तरह दोनों वृत्तों में कुल 42 हजार 724 शिकायतों का निराकरण हुआ है।
शिविरों में बिजली बिलों में गड़बड़ी, मीटर रीडिंग और बिलिंग से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया गया। इसके अलावा बंद या खराब मीटर बदलने, स्मार्ट मीटर संबंधी समस्याओं, सर्विस केबल सुधारने, कम वोल्टेज और ट्रांसफार्मर से जुड़ी शिकायतों पर भी कार्रवाई की गई।
उपभोक्ताओं को नए कनेक्शन, भार वृद्धि, नाम परिवर्तन, श्रेणी परिवर्तन और ई-केवाईसी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू और कृषि पंप के नए बिजली कनेक्शन पांच रुपये में देने की सुविधा भी अभियान में शामिल है।
यह भी पढ़ें- भोपाल बनेगा देश का सबसे सुरक्षित शहर? AI कैमरे, ड्रोन और 8 नए कड़े नियमों से बदलेगी राजधानी की सुरक्षा