
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए दिल्ली से आई केंद्रीय सर्वे टीम ने तीसरे दिन पुराने भोपाल के साथ ही नए शहर के भी कई इलाकों का रुख किया। टीमों ने विभिन्न कालोनियों और बाजारों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और लोगों से सीधे फीडबैक लिया।
सर्वे के दौरान टीम ने रहवासी इलाकों में घर-घर जाकर नागरिकों से पूछा कि क्या नगर निगम का कचरा कलेक्शन वाहन रोजाना उनके घर तक पहुंचता है या नहीं।
टीम ने फोटो और दस्तावेजी रिकॉर्ड भी तैयार किए
शनिवार को सर्वे टीम ने जोन-17 में पीपुल्स मॉल के पीछे स्थित कालोनियों, जोन-एक के बैरागढ़, जोन-पांच के वार्ड-22 और वार्ड-आठ सहित जोन-10 के कई इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने बैरागढ़ मार्केट, इतवारा बाजार और नवबहार सब्जी मंडी का भी दौरा किया। बाजारों और सड़कों की सफाई व्यवस्था देखने के साथ-साथ टीम ने फोटो और दस्तावेजी रिकॉर्ड भी तैयार किए।
घर और दुकानों में रखे डस्टबिन की स्थिति जांची
टीम ने शहर के गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन और नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। पिछले तीन दिनों में टीम पुराने शहर के कई हिस्सों का सर्वे पूरा कर चुकी है, जिसमें चौक बाजार जैसे पुराने व्यावसायिक क्षेत्र भी शामिल हैं।
रहवासी क्षेत्रों में टीम ने घरों और दुकानों पर रखे डस्टबिन की स्थिति जांची। लोगों से यह भी पूछा गया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग दिया जाता है या नहीं। कई स्थानों पर टीम ने सफाई व्यवस्था, कचरा उठाने की नियमितता और कर्मचारियों के व्यवहार को लेकर नागरिकों की राय भी ली।
छह जोन में पूरा हो चुका है सर्वे
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह अभियान 30 मई तक चलेगा। इसे देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी हैं और उन्हें लगातार फील्ड में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं।
यहां पूरे हुए सर्वे
अब तक शहर के 21 में से जोन-एक, दो, तीन, चार, पांच और 17 का सर्वे पूरा हो चुका है। रविवार को दिल्ली की टीमें जोन-सात, आठ, 10 और 12 के क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगी। इन इलाकों में निगम ने 24 घंटे निगरानी व्यवस्था भी शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी! जबलपुर-बांद्रा स्पेशल ट्रेन अब हुई नियमित, देखें नया नंबर और टाइमिंग