
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल मंडल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। अब जबलपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के लिए अलग नंबर याद रखने की जरूरत नहीं होगी। रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 02134/02133 जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन को नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का फैसला किया है। अब यह ट्रेन 20164/20163 नंबर से स्थायी रूप से संचालित होगी।
किन लोगों को मिलेगा सबसे ज्यादा फायदा
इस फैसले से भोपाल, संत हिरदाराम नगर, नर्मदापुरम और इटारसी के यात्रियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा, क्योंकि मुंबई की यात्रा के लिए उन्हें एक और नियमित ट्रेन का विकल्प मिल जाएगा। लंबे समय से यात्रियों द्वारा इस ट्रेन को नियमित करने की मांग की जा रही थी।
क्या है टाइम टेबल
गाड़ी संख्या 20164 जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 29 मई से प्रत्येक शुक्रवार को जबलपुर से शाम पांच बजे रवाना होगी। यह ट्रेन भोपाल स्टेशन रात 10:30 बजे और संत हिरदाराम नगर रात 11:03 बजे पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन शनिवार दोपहर 2:15 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 20163 बांद्रा टर्मिनस-जबलपुर एक्सप्रेस 30 मई से प्रत्येक शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन रविवार सुबह 8:25 बजे भोपाल पहुंचेगी और दोपहर 3:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
इतने कोच होंगे
रेलवे के अनुसार ट्रेन में एसी फर्स्ट, एसी सेकेंड, एसी थर्ड, स्लीपर और जनरल कोच सहित कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इससे भोपाल मंडल के यात्रियों को मुंबई रूट पर ज्यादा सीटें और बेहतर सुविधा मिल सकेगी।