
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नशे की पुड़ियां बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे एक युवक को छोला मंदिर थाना पुलिस ने शंकर नगर स्थित सीमेंट गोदाम के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपित ने स्मैक को सिगरेट की दो डिब्बियों में छिपाकर रखा था। तलाशी में उसके पास से कुल 7.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीमेंट गोदाम के पास एक युवक स्मैक की पुड़ियां बेचने आने वाला है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और बताए गए हुलिए के युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान अभिषेक मीना (23), निवासी सुंदर नगर, शिव मंदिर के पास, छोला मंदिर के रूप में हुई।
पुलिस ने NDPS एक्ट की धारा 50 के तहत नोटिस देकर तलाशी की प्रक्रिया पूरी की। अभिषेक की जींस की जेब से दो सिगरेट की डिब्बियां मिलीं। एक डिब्बी में कागज की पुड़िया में ब्राउन रंग का पाउडर रखा था, जबकि दूसरी में इसी पदार्थ की 12 छोटी सफेद कागज की पुड़ियां मिलीं।
मौके पर एफएसएल अधिकारी को बुलाकर पदार्थ की जांच कराई गई। जांच में इसकी पहचान स्मैक के रूप में हुई। कुल वजन 7.95 ग्राम पाया गया। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उससे नशे की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बीहर नदी के घाटों का कमाल, स्वच्छ रिवर फ्रंट में रीवा देश में नंबर 1, बिलासपुर दूसरे और वाराणसी तीसरे स्थान पर