
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। बीहर नदी के बदले स्वरूप ने रीवा को देश के स्वच्छता मानचित्र पर नई पहचान दिला दी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर की श्रेणी में रीवा ने देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।
11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रीवा को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया। इस श्रेणी में छत्तीसगढ़ का बिलासपुर दूसरे और उत्तर प्रदेश का वाराणसी तीसरे स्थान पर रहा।
रीवा के लिए बीहर रिवर फ्रंट केवल सौंदर्यीकरण की परियोजना नहीं, बल्कि शहर की नई पहचान बनकर उभरा है। बाबा घाट से कोतवाली घाट तक करीब 1600 मीटर क्षेत्र में पहले चरण का निर्माण कराया गया है, जिस पर करीब 25 करोड़ रुपये की लागत आई है।
यहां ग्रेविटी वॉल, आकर्षक पाथवे, ग्रीन जोन, एम्फीथिएटर, पार्किंग और फूड प्लाजा जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। शाम होते ही रंगीन रोशनी और नदी का आकर्षक नजारा लोगों को अपनी ओर खींचता है। साबरमती और गोमती रिवर फ्रंट की तर्ज पर विकसित यह फ्रंट रीवा के पर्यटन के लिए भी अहम साबित हो रहा है।
रिवर फ्रंट को स्वच्छ बनाए रखने के लिए केवल घाटों की सफाई तक प्रयास सीमित नहीं रखे गए। नदी में गंदे पानी का प्रवाह रोकने के लिए बिछिया में 7.58 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6.5 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया, जो शहर के 10 वार्डों के गंदे पानी का उपचार करेगा।
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा, "स्वच्छ रिवर फ्रंट की श्रेणी में रीवा को देश में पहला स्थान मिलना पूरे शहर के लिए गौरव की बात है। यह किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि शहरवासियों, जनप्रतिनिधियों, सफाई मित्रों और नगर निगम की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। हमारी प्राथमिकता इस उपलब्धि को बनाए रखना है।
"बीहर नदी के बदले स्वरूप ने रीवा को देश के स्वच्छता मानचित्र पर नई पहचान दिला दी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में स्वच्छ रिवर फ्रंट शहर की श्रेणी में रीवा ने देश में पहला स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है।
यह भी पढ़ें- स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: स्वच्छता की रैंकिंग में चमका जबलपुर, देशभर में दूसरे स्थान पर