
नवदुनिया राज्य ब्यूरो, भोपाल। मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। समझा जाता है कि इसमें केन बेतवा लिंक परियोजना के भूमिपूजन सहित अन्य विकास संबंधी योजनाओं पर चर्चा हुई है। प्रधानमंत्री का 11 फरवरी को झाबुआ में कार्यक्रम प्रस्तावित है। वह जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हर अच्छे कार्य में प्रधानमंत्रीजी का आशीर्वाद मिलता रहा है। वे चाहते हैं कि राज्य में जन कल्याणकारी कार्यों का सिलसिला जारी रहे। उन्होंने मप्र के हर जन उपयोगी कार्य में सरकार को सहायता देने का वादा किया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।
आज संसद भवन में आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी से सौजन्य भेंट की। pic.twitter.com/4rhDP6aUCk
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 5, 2024
सूत्रों के अनुसार केन बेतवा लिंक परियोजना का भूमिपूजन लोकसभा चुनाव की घोषणा से कराने की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं। यह परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। सिंचाई क्षमता में वृद्धि के साथ बिजली उत्पादन भी होगा। औद्योगिक विकास का मार्ग भी प्रशस्त होगा।
आज संसद भवन में @BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @JPNadda जी से सौजन्य भेंट की। pic.twitter.com/YXHloy41Kz
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) February 5, 2024

केंद्र सरकार परियोजना को स्वीकृति दे चुकी है और बजट में तीन हजार 500 करोड़ रुपये का प्रविधान भी किया गया है। बैठक में प्रधानमंत्री जनमन योजना को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (बैगा, भारिया और सहरिया) के परिवारों को आवास सुविधा दी जाएगी। इसमें आवास निर्माण के लिए दो लाख रुपये दिए जाएंगे।