
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे छोले भटूरे की दुकान में भट्टी से अचानक आग लग गई थी। इस दौरान न्यू मार्केट में अतिक्रमण और अवैध रेहड़ियों की वजह से फायर ब्रिगेड की टीम को घटना स्थल तक पहुंचने में करीब आधे घंटे से भी ज्यादा का समय लग गया था, जिससे आग चार दुकानों में फैल गई। इसके अलावा कई रेहड़ी वालों का सामान भी जल गया था।
इस घटना के बाद नवदुनिया ने पड़ताल कर न्यू मार्केट के अतिक्रमण के मुद्दे को शनिवार के अंक में प्रमुखता से उठाते हुए ''न्यू मार्केट में 500 से ज्यादा दुकानें, लेकिन दमकल के रास्तों पर अतिक्रमण का रोड़ा'' शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। नवदुनिया में समाचार होने के बाद नगर निगम का अमला हरकत में आया और सुबह 10 बजे से ही न्यू मार्केट में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी, जो रात करीब नौ बजे तक चली।
करीब 11 घंटे की कार्रवाई के दौरान निगम के अमले ने न्यू मार्केट स्थित हनुमान मंदिर के सामने रेहड़ी नहीं लगने दी। वहीं, दुकानों के बाहर जमा अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान चार ट्रक सामान भी जब्त कर लिया। साथ ही समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपये का चालान वसूला।
नगर निगम की टीमों ने शुक्रवार को दुकानदारों को समझाइश देकर दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया था। इसके बाद शनिवार सुबह से ही अमला दोबारा कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंच गया। दिनभर चली कार्रवाई में दुकानों के बाहर जमा सामान हटाया गया और रास्तों में बाधा बन रहे सामान को जब्त किया गया। निगम की टीम ने बाजार में आवागमन सुचारु रखने और आपात स्थिति में दमकल वाहनों के पहुंचने का रास्ता साफ रखने पर जोर दिया।
आग की घटना के बाद निगम अधिकारियों और टीटी नगर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की दुकानों का भी निरीक्षण किया। करीब 100 फीट के दायरे में स्थित छोले-भटूरे की दुकानों और भट्ठियों पर खाद्य सामग्री बनाने वाले कुछ अन्य प्रतिष्ठानों में आग बुझाने के उपकरणों की जांच की गई। कार्रवाई में उपायुक्त हीरेंद्र कुशवाहा, अतिक्रमण अधिकारी शैलेंद्र सिंह भदौरिया और नासिर खान सहित संबंधित अमला मौजूद रहा।
यह भी पढ़ें- इंदौर में लकड़ी के अवैध परिवहन पर सख्ती, अब रोज बदलेगी वन अधिकारियों की ड्यूटी, तस्करों पर रहेगी पैनी नजर
इसके अलावा शुक्रवार रात करीब 12 बजे लालघाटी क्षेत्र में दुकान में आग लग गई थी, जिसने पास की अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक दुकानें पूरी तरह से जलकर तबाह हो गई थी।
न्यू मार्केट की सड़कों पर जमे अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई है। दुकानों के बाहर और सड़क पर रखा सामान जब्त किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होगी।- शैलेन्द्र भदौरिया, अतिक्रमण अतिक्रमण, नगर निगम