
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गुनगा क्षेत्र में 11वीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा को उसका ही सहपाठी करीब एक साल तक ब्लैकमेल कर प्रताड़ित करता रहा। आरोपित ने करीब एक साल पहले स्कूल में ही किशोरी को डराकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।
इस दौरान उसने मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर वह लगातार किशोरी का शोषण करता रहा। बदनामी के डर से छात्रा लंबे समय तक चुप रही, लेकिन हाल ही में आरोपित ने उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। इसके बाद पीड़िता और उसके स्वजन ने पुलिस से शिकायत की। गुनगा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपित सहपाठी को गिरफ्तार कर लिया है।
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव ने बताया कि पीड़िता 11वीं कक्षा में पढ़ती है। करीब एक साल पहले स्कूल में उसके साथ पढ़ने वाले छात्र ने उसे डराकर घर ले जाकर दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था।
यह भी पढ़ें- 12 जोड़ी स्पेशल ट्रेन और अतिरिक्त कोच भी पड़े कम, भोपाल के स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ से बिगड़े हालात
बाद में इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह छात्रा को लगातार डराता और प्रताड़ित करता रहा। किशोरी वीडियो सार्वजनिक होने के डर से किसी को इसकी जानकारी नहीं दे पा रही थी। हाल ही में आरोपित ने वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। इसके बाद मामला सामने आया और पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।