भोपाल के बैरागढ़ में हादसा: देर रात 2:30 बजे मोबाइल पर बात कर रही थी 12वीं की छात्रा, 3rd फ्लोर से गिरकर मौत
भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में 19 वर्षीय चेतना शर्मा की बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात तीसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई।
Publish Date: Fri, 09 Oct 2026 08:45:47 AM (IST)Updated Date: Fri, 09 Oct 2026 08:45:47 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र के कैलाश नगर का मामला
- तीसरी मंजिल से गिरने से 12वीं की छात्रा की मौत
- मोबाइल पर बात करने के दौरान हादसे की आशंका
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरागढ़ थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात तीसरी मंजिल से गिरने से 12वीं की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा मोबाइल पर बात कर रही थी। शंका है कि बाउंड्री के पास उसका संतुलन बिगड़ गया और नीचे गिर गई। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अस्पताल में तोड़ा दम
बैरागढ़ पुलिस के अनुसार कैलाश नगर निवासी चेतना शर्मा (19) पुत्री दिनेश शर्मा 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। रात करीब ढाई बजे वह घर की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मानसिक रूप से बीमार थी छात्रा
प्रारंभिक पूछताछ में स्वजनों ने बताया कि घटना के समय चेतना मोबाइल पर बात कर रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और उसका उपचार चल रहा था। पुलिस मोबाइल फोन और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।