
राज्य ब्यूरो, भोपाल। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मप्र पुलिस ने भी गुरुवार को झाड़ू थामी। चौकी से पुलिस मुख्यालय तक साफ-सफाई का अभियान चला। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से लेकर जवान तक ने सफाई की। पुलिस के सभी कार्यालयों, आवासीय परिसरों, थानों, चौकियों, पुलिस लाइनों, कंपनी, बटालियनों और पुलिस मुख्यालय की साफ-सफाई की गई। प्रदेश की विभिन्न पुलिस इकाइयों में स्थित मंदिरों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
बता दें कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में सफाई अभियान चलाने के लिए कहा था। पुलिस ने 16 जनवरी से साफ-सफाई का अभियान शुरू किया है, जो 21 जनवरी तक चलेगा। गुरुवार को विशेष अभियान में जोनल एडीजी, आइजी, रेंज डीआइजी, एसपी, सेनानी, इकाइयों के समस्त राजपत्रित अधिकारी, सभी थानों और चौकियों के प्रभारी शामिल रहे। इस दौरान पुलिस के समस्त विभागों और थानों के रिकार्ड रूम एवं थानों के मालखानों में शासकीय संपत्ति को व्यवस्थित रूप से संधारित किया गया।
पुलिस मुख्यालय में भी विभिन्न शाखाओं के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा अपने कार्यालयों के रिकार्ड रूम की साफ-सफाई की गई। हर शाखा से दो तीन क्विंटल पुरानी फाइलें व कागज निकले। अब इन्हें विधिवत नष्ट करने के लिए नीलामी की प्रक्रिया की जाएगी।

डीजीपी सुधीर सक्सेना और भोपाल पुलिस आयुक्त हरिनारायणचारी मिश्र ने नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन परिसर की सफाई में भाग लिया। इसके बाद वह 25वीं बटालियन पहुंचे। यहां उन्होंने कैंटीन और पार्क में सफाई की और परिसर का निरीक्षण किया। दिशा लर्निंग सेंटर और चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया। डीजीपी ने भदभदा स्थित डायल 100 कार्यालय और पुलिस मुख्यालय में रिकार्ड रूम की सफाई की।