
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। तेजी से बदलते मौसम और जलवायु परिवर्तन के खतरों से निपटने के लिए अब देश में एक मजबूत और व्यावहारिक गाइडलाइन तैयार की जा रही है। इसके तहत प्रकृति और हमारे ईको-सिस्टम को ढाल बनाकर मौसम के मिजाज से तालमेल बिठाने पर काम होगा।
इसी मकसद से भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस) ने भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आइआइएसईआर) में देशभर के विशेषज्ञों का एक बड़ा मंथन सत्र आयोजित किया। इस बैठक में पर्यावरण वैज्ञानिक, रिसर्च स्कॉलर्स और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के 35 से ज्यादा प्रतिनिधि जुटे।
बीआइएस भोपाल के प्रमुख मोहम्मद रिजवान ने कहा कि कोई भी सरकारी नियम सिर्फ दफ्तरों में बैठकर कारगर नहीं हो सकता, जब तक जमीन पर काम करने वाले लोग और वैज्ञानिक अपना इनपुट न दें, तब तक मानक असरदार नहीं बन सकते। उन्होंने विशेषज्ञों से अगले पांच साल 2027–2032 के राष्ट्रीय एक्शन प्लान के लिए भी सीधे सुझाव मांगे। चर्चा के दौरान स्थानीय परंपराओं और आधुनिक विज्ञान को साथ लेकर चलने पर जोर दिया गया।
आइआइएसईआर के प्रोफेसर पंकज कुमार ने कहा कि पेड़-पौधों, जंगलों और जैव विविधता को बचाते हुए ही हम जलवायु परिवर्तन के असर को कम कर सकते हैं। बीआइएस मुख्यालय से आए वैज्ञानिक ललित यादव ने ड्राफ्ट के तकनीकी पहलुओं को सरल तरीके से समझाया। भोपाल से मिले इन सभी सुझावों को अब अंतिम ड्राफ्ट में शामिल किया जाएगा, ताकि नीतियां आम जनता और पर्यावरण दोनों के लिए वास्तव में उपयोगी साबित हों।
यह भी पढ़ें- ड्रोन से सीमांकन... भोपाल के इस गांव में हर परिवार के पास संपत्ति का कानूनी मालिकाना हक, लक्ष्य पूरा