
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ओरिएंटल कालेज में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ युवा संवाद-2026 कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को विद्यार्थियों से संवाद करते हुए पूछा कि क्या पाकिस्तान भारत में बम फोड़ने आ सकता है? इस बीच विद्यार्थियों ने जवाब दिया- नहीं।
इस पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जोरदार तालियां बजाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा, लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया और देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। इस दौरान विद्यार्थियों ने हनुमान चालीसा की सांगीतिक प्रस्तुति भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पहली बार मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) की परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया है। युवाओं का सम्मान, उनकी बेहतरी और उन्हें अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार आवश्यक कदम उठा रही है। वर्ष 2027 को प्रदेश में युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण हुआ है और नया संसद भवन भी बनाया गया है। उन्होंने भारतीय पासपोर्ट के बढ़ते महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वर्ष 2047 तक दुनिया का शक्तिशाली, समृद्ध और हर क्षेत्र में अग्रणी देश बनेगा। कार्यक्रम में राज्यमंत्री कृष्णा गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र यति, ओरिएंटल कालेज के अध्यक्ष प्रवीण ठकराल, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- भोपाल ISBT में बस अग्निकांड के बाद जागा नगर निगम, ISBT से हटेंगी गैर-संचालित बसें, वसूला जाएगा किराया
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से पूछा कि वोटर लिस्ट सही होनी चाहिए या नहीं और मतदान करने वाला व्यक्ति जीवित होना चाहिए या मृत। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सहित आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने मतदान के अधिकार और चुनाव प्रक्रिया में आयोग की भूमिका पर भी चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन गेम्स में मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने कुल 11 पदक हासिल किए, जिनमें पांच स्वर्ण पदक शामिल हैं। राज्य सरकार खेलों में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।