'भारत की योग परंपरा को हर घर तक पहुंचाना हमारा संकल्प...' बेंगलुरु में बोले सीएम डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री ने प्रदेश को संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने विश्वविद्यालय संचालकों को मध्य प्रदेश में अध्ययन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 10:07:50 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 10:07:50 AM (IST)
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बेंगलुरु में स्वामी विवेकानन्द योगा विश्वविद्यालय में प्रशांति कुटीराम के स्वर्ण जयंती समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। सौ- जनसंपर्क विभागHighLights
- बेंगलुरु के स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय पहुंचे सीएम
- प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में हुए शामिल
- मध्य प्रदेश में अध्ययन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया,भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग विश्व में भारत की विशिष्ट पहचान बन चुका है। इसने दुनिया को शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास एवं आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। योग सदियों से भारतीय जीवन पद्धति का आधार और अभिन्न अंग रहा है। भारत की योग परंपरा को विश्व के हर घर तक पहुंचाना हमारा संकल्प होना चाहिए।
वे शनिवार को स्वामी विवेकानंद योग विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
मप्र में अध्ययन केंद्र खोलने का प्रस्ताव
डॉ. यादव ने कहा कि उनकी सरकार मध्य प्रदेश को विकास के साथ संस्कृति, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में आयुर्वेदिक शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। नेचुरोपैथी, आयुर्वेद, फिजियोथैरेपी और प्राकृतिक चिकित्सा की अन्य पद्धतियां बीमारी के उपचार के साथ स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के संचालकों को मध्य प्रदेश में अध्ययन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।
औषधीय कृषि को बढ़ावा देने की योजना
सीएम ने कहा कि सरकार किसानों को तुलसी सहित औषधीय गुणों वाले पौधों की खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि उनकी आय बढ़े और प्रदेश औषधीय कृषि में नई पहचान बनाए। खेती, पशुपालन और प्राकृतिक संसाधनों के समन्वित मॉडल से किसानों की समृद्धि के साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान देने का लक्ष्य है।