
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के जनजातीय अंचलों में भी 'मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा' शुरू करने की घोषणा की है, ताकि सुदूर ग्रामीण अंचल में रहने वालों को परिवहन में असुविधा न होने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने महज 25 वर्ष के जीवन में स्वदेश, स्वधर्म, स्वाभिमान और सामाजिक अनुशासन का जो संदेश दिया, वह सदियों तक देश को प्रेरित करता रहेगा। उनका अमर बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
यह बात मुख्यमंत्री ने शनिवार को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में कही। उन्होंने कहा कि संस्कृति से बड़ी कोई विरासत और स्वाभिमान से बड़ा कोई गौरव नहीं है।
भगवान बिरसा मुंडा ने ब्रिटिश शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंककर जनजातीय समाज को अपनी पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए संगठित होने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने मानस भवन में आयोजित अन्य समारोह में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में देश में दूसरा स्थान हासिल करने वाले जबलपुर के सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह, मंत्री संपतिया उइके उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में दुश्मनों के लिए बन रहा घातक हथियार, 46 किमी तक बरसाएगा आग; भारतीय सेना को सौंपा जाएगा
133 करोड़ लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कार्यक्रम में जनजातीय अंचलों के समग्र विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए 133 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा, डिंडौरी और बालाघाट में 85 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे। पीएम जनमन योजना के तहत 98 करोड़ रुपये, धरती आबा अभियान के अंतर्गत 401.56 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा रहे हैं।
जनजातीय नायकों के नाम पर संस्थान
डॉक्टर यादव ने कहा कि अमर बलिदानी राजा शंकर शाह, कुंवर रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कालेज स्थापित किए जा रहे हैं। खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा गया है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बंद स्मार्ट टॉयलेट की होगी डिजिटल निगरानी, इंदौर की एजेंसी संभालेगी सफाई व्यवस्था