
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिवंगत पिता के संबंध में की गई टिप्पणी की मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निंदा की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के परिवार का कांग्रेस नेताओं द्वारा निरंतर अपमान किया जा रहा है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत व्यक्तियों को राजनीति में घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीति में विचारों का मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन भाषा और व्यवहार में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने 'एक्स' पर पोस्ट किया कि कांग्रेस के नेता अनर्गल बयानबाजी कर देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन उनकी विकृत और सामंती मानसिकता को देश की जनता समझ चुकी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने खरगे की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि जनता को विकास, जनकल्याण और भविष्य की स्पष्ट दृष्टि चाहिए; इसके अभाव वाली कांग्रेस का पूर्णतः पतन निश्चित है।
यह भी पढ़ें- भोपाल ISBT बस अग्निकांड: 100 मीटर दूर फायर स्टेशन, फिर भी 15 मिनट बाद पहुंची दमकल, व्यवस्था पर उठे सवाल
राज्यसभा सदस्य रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस नेता राजनीतिक तौर पर खोखले हो चुके हैं। मुद्दों और चुनौतियों पर तर्क और विचार रखने की बजाय अनर्गल प्रलाप करते हैं। गाली-गलौज की भाषा, तू-तड़ाक की भाषा कांग्रेस नेतृत्व का आम व्यवहार हो चुका है। भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा कि वैचारिक असहिष्णुता की यह प्रवृत्ति दिमागी नक्सलवाद जैसी मानसिकता को दर्शाती है।