राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों से केवल झूठे वादे किए, उनके लिए कभी कोई काम नहीं किया। जनजातीय समाज को केवल वोट बैंक मानकर उपयोग किया। किसी को न तो राष्ट्रपति बनाया और न ही केंद्रीय मंत्री बनाया। यह बात मुख्यमंत्री ने गुरुवार को आवास पर जनजातीय प्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों को नर्मदा जल, पीएम मित्र पार्क और पीएम जनमन जैसी योजनाएं मिली हैं।
जनजातीय वर्ग का हो रहा विकास- सीएम
ग्रामीण आबादी को पक्के मकान, निश्शुल्क राशन और इलाज के साथ बेहतर शिक्षा मिल रही है। यही रामराज्य है। जनजातीय वर्ग की द्रौपदी मुर्मु को राष्ट्रपति बनाया। कल तक जिन्हें उपेक्षित रखा गया, भाजपा उन्हें सम्मान दिलवाने का काम कर रही है। जनजातीय वर्ग के युवा भी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, खिलाड़ी बन रहे हैं। मंडला और बालाघाट में मेडिकल कॉलेज और छिंदवाड़ा में आयुर्वेदिक कॉलेज खोला जा रहा है।
15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत सरकार ने देशभर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत प्रदेश में 14 नवंबर से होगी। 15 नवंबर को डही से आलीराजपुर तक दूसरी पाइपलाइन का लोकार्पण होगा। 16 नवंबर को निमाड़ अंचल के खंडवा में कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, सावित्री ठाकुर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश, जनजातीय कार्यमंत्री विजय शाह, सांसद गजेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी, प्रदेशाध्यक्ष जनजातीय मोर्चा पंकज टेकाम, पूर्व सांसद-विधायक सहित जनजातीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
बिरसा मुंडा जयंती पर होंगे कई कार्यक्रम
भाजपा प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को पार्टी के जनजाति वर्ग के केंद्रीय मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों, विधायकों की मौजूदगी में बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर जनजातीय गौरव सप्ताह 11 से 18 नवंबर तक व्यापक सामाजिक स्वरूप में मनाने की कार्ययोजना तैयार की गई। 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय मुख्य कार्यक्रम होगा।
तय किया गया कि पार्टी कार्यकर्ता और जनजातीय समाज के प्रतिनिधि गांव-गांव पहुंचकर बिरसा मुंडा के योगदान और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को बताएंगे। केंद्र और राज्य सरकार की जनजातीय कल्याण योजनाओं और निर्णयों की जानकारी भी समाजजन को दी जाएगी।
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और सांसद गजेन्द्र पटेल ने कांग्रेस के उस विचार पर भी आपत्ति जताई, जिसमें आदिवासी समाज को हिंदू धर्म से अलग बताया जाता है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज को सनातन परंपराओं से अलग बताने की कोशिश कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा हैं।
वह जनजातीय समाज के बीच भ्रम फैलाकर उसे मुख्यधारा से अलग करने का प्रयास कर रही है।