भोपाल में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में CM ने लिया संज्ञान, DGP को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की सतत निगरानी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश द...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 30 Sep 2026 04:05:06 PM (IST)Updated Date: Wed, 30 Sep 2026 04:05:06 PM (IST)
सीएम मोहन यादव ने DGP को दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश। नईदुनिया।HighLights
- भोपाल के सूरज नगर में रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल की घर में गला रेतकर हत्या
- पत्नी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था; नया केयरटेकर वारदात के बाद से लापता
- सीएम मोहन यादव ने DGP को सतत निगरानी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सूरज नगर में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके ही घर में गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल संज्ञान लिया है।
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को मामले की सतत निगरानी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मामले में पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दिवंगत राकेश अग्रवाल को एक विनम्र एवं कर्मठ अधिकारी बताते हुए श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पत्नी के कमरे का दरवाजा बाहर से था बंद
मिली जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरज नगर स्थित निज निवास पर रहते थे। दंपति अलग-अलग कमरों में सोते थे। बुधवार तड़के करीब चार बजे जब उनकी पत्नी की नींद खुली, तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। उन्होंने तुरंत दूसरे केयरटेकर को फोन कर बुलाया।
इसके बाद जब राकेश अग्रवाल के कमरे का दरवाजा खोला गया, तो अंदर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था।
नया केयरटेकर घटना के बाद से गायब
घटना की सूचना मिलते ही रातीबड़ थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में घर पर हाल ही में काम पर रखे गए एक नए केयरटेकर पर मुख्य संदेह जताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि उसे महज दो से चार दिन पहले ही काम पर रखा गया था और वारदात के बाद से ही वह लापता है।
पुलिस की कई टीमें संदेही की तलाश में जुट गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वारदात के पीछे लूटपाट या कोई अन्य रंजिश थी, पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है। घटना के बाद से प्रशासनिक और नौकरशाही जगत में शोक की लहर व्याप्त है।