
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । अगले साल भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए उद्यमियों को आमंत्रित करने और औद्योगिक निवेश की संभावनाओं को लेकर 24 नवंबर से होने वाली मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विदेश यात्रा स्थगित हो गई है। एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि सात से 11 दिसंबर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र है। इसकी प्राथमिकता को देखते हुए दौरा स्थगित करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को विधानसभा सत्र की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें संभावित विधेयक सहित अन्य कार्यों को लेकर विचार किया गया। इसके बाद उन्होंने सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की यात्रा स्थगित करने का निर्णय किया।
यह भी पढ़ें- इंदौर के बाद MP को मिलेगा दूसरा सरकारी डेंटल कॉलेज, CM मोहन यादव का एलान
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें 23 नवंबर को देर रात सिंगापुर के लिए रवाना होना था। डेढ़ दिन सिंगापुर और ढाई दिन का दक्षिण कोरिया का कार्यक्रम था। इसमें औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से चर्चा कर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के लिए आमंत्रित करने के साथ निवेश की संभावनाओं पर संवाद करना था।