
भोपाल (राज्य ब्यूरो)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को हरदा, खरगोन और आलीराजपुर में अनेक विकास कार्यों की शुरुआत करेंगे। मुख्यमंत्री 30 सितंबर को नीमच में बायो टेक्नोलाजी पार्क की सौगात देंगे। प्रदेश में दो नए लोक विकसित होंगे, जो धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ाने का कार्य करेंगे। देवी अहिल्या लोक और भादवा माता लोक के भूमि-पूजन के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को महेश्वर जिला खरगोन में देवी अहिल्या लोक का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही 3673.35 करोड़ लागत के कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी होगा। खरगोन जिले के निवासियों को मेडिकल कालेज सुविधा भी निकट भविष्य में प्राप्त होगी। मुख्यमंत्री इसी दिन हरदा में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं में किसानों एवं अन्य हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान करेंगे।
विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी होगा। इसके बाद अलीराजपुर में माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। विभिन्न ग्रामों से लाभान्वित हितग्राहियों द्वारा जल कलश लाकर पूजन होगा और लाड़ली बहनों सहित अन्य नागरिक विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे।

मुख्यमंत्री 30 सितंबर को नीमच में भादवा माता लोक के लिए भूमि-पूजन करेंगे। जन आस्था के इस केंद्र के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीमच में 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले जावद बायोटेक्नालाजी पार्क का भूमि-पूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में मेपकास्ट द्वारा एक प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है।