
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में एक बार फिर बड़े बदलाव की रूपरेखा तैयार हो रही है। हाल ही में ग्यारह जिलों में नए कलेक्टरों की नियुक्ति के बाद अब राज्य शासन बड़े स्तर पर अफसरों की पदोन्नति और उसके बाद मैदानी पदस्थापनाओं की नई सूची जारी करने जा रहा है।
तय योजना के मुताबिक, दिसंबर के आखिरी हफ्ते में अधिकारियों के प्रमोशन आदेश जारी किए जाएंगे, जिसके बाद जनवरी के पहले पखवाड़े में बड़े पैमाने पर तबादले किए जाएंगे।
सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रमोशन की इस कवायद में उप सचिव स्तर से लेकर प्रमुख सचिव स्तर तक के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शामिल हैं। इनमें से कई अफसरों को अतिरिक्त सचिव, सचिव और प्रमुख सचिव के पद पर पदोन्नत किया जाना प्रस्तावित है।
इस प्रक्रिया के तहत ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान भी सचिव स्तर पर प्रमोट होंगी। प्रमोशन के चलते जिन जिलों के कलेक्टर्स प्रमोट होकर राज्य मंत्रालय अथवा अन्य शीर्ष पदों पर पदस्थ होंगे, उन जिलों में नए चेहरों को कमान सौंपी जाएगी।
यह भी पढ़ें- नर्मदा स्नान के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हादसा, ट्रक ने कार को मारी टक्कर, 4 की मौत; 5 का इलाज जारी
पदोन्नतियों के बाद रिक्त होने वाली कलेक्टरी के लिए युवा और अनुभवी अधिकारियों के नामों पर विचार चल रहा है। सूत्रों का कहना है कि राज्य प्रशासनिक सेवा से प्रमोट होकर 2017 बैच में आईएएस बने एक से दो अफसरों को भी जिला कलेक्टर पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।
दिसंबर माह के समापन तक प्रमोशन की औपचारिक अधिसूचना जारी होने के तत्काल बाद जनवरी में तबादला सूची सार्वजनिक की जाएगी, जिससे कई जिलों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल जाएगा।