
नईदुनिया प्रतिनिधि, सागर। दीपावली के दूसरे दिन अमावस्या पर मां नर्मदा में स्नान करने की आस्था लेकर घर से निकले श्रद्धालुओं को रास्ते में मौत ने घेर लिया। बरमान जा रहे श्रद्धालुओं से भरी अर्टिगा कार (एमपी 15 सीए 8417) कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस यात्रा पर लोग पुण्य स्नान की उम्मीद लेकर निकले थे, वह परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई।
हादसे में कार सवार चार लोगों ने दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सड़क पर हुए इस हादसे को देखने के लिए कुछ वाहन चालक भी रुक गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर तीन लोग सवार थे। दूसरी टक्कर में तीनों घायल हो गए। इस तरह एक दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर हुए दूसरे हादसे ने घायलों की संख्या और बढ़ा दी।
दोनों घटनाओं में घायल आठ लोगों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन सभी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कालेज (बीएमसी), सागर रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस और एसडीएम मुनव्वर खान भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने घायलों के उपचार की जानकारी ली और मृतकों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दूसरे हादसे में शामिल अज्ञात वाहन के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- दीवाली की रात आग का तांडव... देशभर में 23 लोगों की मौत, मध्य प्रदेश में 13 ने गंवाई जान