भोपाल: थाने में FIR लिखवाने आए फरियादी को आया हार्ट अटैक, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
भोपाल के तलैया थाने में पड़ोसी की मारपीट की शिकायत लेकर पहुंचे 40 वर्षीय माजिद उर्फ कालू कुरैशी की अचानक तबीयत बिगड़ गई।अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 09:55:02 AM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 09:55:02 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयारHighLights
- FIR दर्ज कराने पहुंचा था तलैया थाने
- 10 हजार रुपये के लेनदेन का था विवाद
- घबराहट के बाद अस्पताल ले जाते हुए मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पड़ोसी की मारपीट की शिकायत लेकर तलैया थाने पहुंचे 40 वर्षीय माजिद उर्फ कालू कुरैशी की एफआईआर दर्ज कराने के दौरान तबीयत बिगड़ गई। उसने घबराहट की शिकायत की तो पुलिस ने तत्काल पत्नी के साथ उसे आटो से अस्पताल रवाना किया। लेकिन रास्ते में ही उसे उल्टियां होने लगीं। हमीदिया अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शुरुआती जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई गई है। तलैया थाना पुलिस मौत के मामले में जांच कर रही है।
पड़ोसी से लेनदेन का विवाद
माजिद कुरैशी इस्लामपुरा, तलैया थाना क्षेत्र में परिवार के साथ रहता था। उसने पड़ोस में रहने वाले हारिस कुरैशी से 10 हजार रुपये उधार लिए थे। रविवार शाम करीब पांच बजे हारिस रकम मांगने पहुंचा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि हारिस ने माजिद के साथ मारपीट की।
थाने में बिगड़ी हालत
तलैया थाना प्रभारी दीपक डेहरिया ने बताया कि मारपीट के बाद माजिद शाम करीब 5:30 बजे पत्नी के साथ हारिस के खिलाफ शिकायत करने थाने पहुंचा। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया था। इसी दौरान एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया के बीच माजिद की तबीयत बिगड़ गई।
रास्ते में मौत
पुलिस ने उसे पत्नी के साथ ऑटो से अस्पताल भेजा और पुलिसकर्मी भी पीछे रवाना हुए। रास्ते में उल्टियां होने के बाद हमीदिया अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मौत की वास्तविक वजह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
हालांकि डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की शंका जाहिर की है।