भोपाल नगर निगम की दो कर्मचारी यूनियनों में टकराव, नेता से मारपीट; पांच आरोपी गिरफ्तार
दोनों कर्मचारी गुटों के बीच डीजल चोरी के मुद्दे और वर्कशाप में वर्चस्व को लेकर विवाद बढ़ने की चर्चा है। डिपो चौराहे की ओर जा रहे इरफान अल्ताफ के साथ प...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 18 Oct 2026 03:21:00 PM (IST)Updated Date: Sun, 18 Oct 2026 03:22:10 PM (IST)
नगर निगम भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- कर्मचारी नेता इरफान अल्ताफ के साथ पांच लोगों ने मारपीट की
- टीटी नगर पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार किया
- डीजल चोरी के मुद्दे और वर्कशाप में वर्चस्व को लेकर विवाद
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नगर निगम की दो कर्मचारी यूनियनों के बीच चल रही खींचतान शनिवार को मारपीट तक पहुंच गई। माता मंदिर चौराहे से डिपो चौराहे की ओर जा रहे कर्मचारी नेता इरफान अल्ताफ के साथ पांच लोगों ने मारपीट की। टीटी नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले समझौता था, लेकिन वाहनों से डीजल चोरी के मुद्दे और वर्कशाप में वर्चस्व को लेकर उनके बीच तनाव बढ़ गया था।
नेता से की मारपीट
पुलिस के अनुसार शाहजहांनाबाद निवासी इरफान अल्ताफ शनिवार को जा रहे थे, तभी वाहन चालक हमीद खान, दैनिक वेतनभोगी वसी सुल्तान, सलमान, उबेस और इमरान ने उनके साथ मारपीट की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
जुआ खेलते पकड़े गए थे चार चालक
इससे एक दिन पहले शुक्रवार को टीटी नगर पुलिस ने नगर निगम मुख्यालय स्थित अटल भवन परिसर की पार्किंग में जुआ खेलते हुए चार लोगों को पकड़ा था। इनमें मांटी उर्फ शाहबाज खान, अनवर, मोहम्मद समीर और मोहम्मद परवेज शामिल हैं।