भोपाल में कांग्रेस की 'वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ' रैली, 7 से 12 दिसंबर तक मांगा लाल परेड मैदान
कांग्रेस की वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ रैली 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित है। पार्टी ने लाल परेड मैदान के लिए 7 से 12 दिसंबर तक अनुमति मांगी है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 11:05:26 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 11:05:26 AM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- कांग्रेस की रैली 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित
- लाल परेड मैदान के लिए 7 से 12 दिसंबर तक मांगी अनुमति
- प्रदेशभर से एक लाख से अधिक लोगों के जुटने का अनुमान
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कांग्रेस की वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ रैली 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित है। इसके लिए शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को लाल परेड मैदान 7 से 12 दिसंबर तक आवंटित करने के लिए ज्ञापन दिया। इसके साथ ही कहा कि इस पर निर्णय जल्द लिया जाए ताकि संगठन तैयारी कर सके।
राहुल गांधी के साथ पार्टी के दिग्गज जुटेंगे
इस कार्यक्रम में पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा सहित इंडी गठबंधन के नेता भाग लेंगे। सभा से पहले बोर्ड ऑफिस चौराहे स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा और यहां से सभी नेता मार्च करते हुए सभा स्थल पहुंचेंगे।
1 लाख ज्यादा लोगों के आने की संभावना
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बताया कि हमने जिला इकाई की ओर से लाल परेड मैदान आवंटित करने का आवेदन दे दिया है। चूंकि, सभा में 1 लाख से अधिक लोगों के प्रदेशभर से भाग लेने की संभावना है इसलिए इस मैदान की मांग की है।
हम प्रशासन के निर्णय की प्रतीक्षा कर रहे हैं, लेकिन जिस तरह की परिस्थितियां सामने आ रही हैं, उससे आशंका है कि इंदौर की तरह भोपाल में भी आयोजन को लेकर व्यवधान उत्पन्न किए जा सकते हैं।
बार-बार स्थान को लेकर असमंजस की स्थिति बनाने से तैयारियां प्रभावित होंगी, क्योंकि कार्यक्रम स्थल पर डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करनी होंगी।
एक-दो दिन में होगा निर्णय
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कार्यक्रम की अनुमति की प्रक्रिया यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से पूरी की जाती है। आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से नियमानुसार सातवीं बटालियन को भेजा जाएगा। एक-दो दिन में निर्णय की जानकारी दी जाएगी।