12 दिसंबर को भोपाल में होगी इंडी गठबंधन की रैली; राहुल, प्रियंका और अखिलेश यादव होंगे शामिल
रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित गठबंधन के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 01:14:17 PM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 01:14:17 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- भोपाल में 12 दिसंबर को इंडी गठबंधन की बड़ी रैली
- राहुल, प्रियंका, खरगे और अखिलेश होंगे शामिल
- एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने की तैयारी
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मतदाता सूची के शुद्धीकरण के लिए चलाए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस और इंडी गठबंधन अब तक दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहा था। अब यह अलग-अलग राज्यों की राजधानी में होंगी। इसकी शुरुआत मध्य प्रदेश के भोपाल से होगी। 12 दिसंबर को रैली प्रस्तावित की गई है।
इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित अन्य दलों के वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे।
देशभर में होंगी रैलियां
दिल्ली में गुरुवार को एसआईआर को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाने को लेकर चर्चा हुई। इसमें तय किया गया कि आगामी 12 दिसंबर को भोपाल में इंडी गठबंधन की बड़ी रैली की जाएगी। वोट रक्षक मार्च भी निकाला जाए। ऐसे कार्यक्रम अन्य राज्यों की राजधानी में भी होंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रैली में गठबंधन में शामिल सभी दलों के नेता शामिल होंगे। एक लाख से अधिक लोग इसमें जुटेंगे। प्रदेश संगठन ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है और एक-दो दिन में इसे लेकर वरिष्ठ नेताओं के बैठक कर जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
दिसंबर में भोपाल आएगी एआईसीसी की टीम
सूत्रों का कहना है कि कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की टीम दिसंबर के पहले सप्ताह में भोपाल आ जाएगी। इनके मार्गदर्शन में ही प्रदेश इकाई द्वारा तैयारी की जाएगी।