नवरात्र के बाद MP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल; परफॉर्मेंस के आधार पर 6 जिलाध्यक्षों की होगी छुट्टी, देखें किन पर लटकी तलवार
संभावित फेरबदल में डिंडौरी के ओमकार सिंह मरकाम और सतना के सिद्धार्थ कुशवाह के नाम शामिल हैं। आलीराजपुर में जिला अध्यक्ष के इस्तीफे के कारण नई नियुक्ति...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 12 Oct 2026 08:40:36 AM (IST)Updated Date: Mon, 12 Oct 2026 08:40:36 AM (IST)
कांग्रेस संगठन में जवाबदेही तय करने के लिए छह जिला अध्यक्षों को बदलने पर विचार कर रही है। प्रतीकात्मक फोटो- एआई से तैयार की गई है।HighLights
- नवरात्र के बाद छह जिला अध्यक्ष बदलने की तैयारी
- डिंडौरी, सतना और आलीराजपुर में बदलाव की संभावना
- विधानसभा चुनाव से पहले जिम्मेदारियों में होगा बदलाव
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। कांग्रेस अब संगठन में जवाबदेही तय करने की तैयारी कर रही है। इसके तहत नवरात्र के बाद छह जिला अध्यक्षों को बदला जा सकता है। संगठन के कामकाज में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाने वाले अध्यक्षों की जगह नए नेताओं को जिम्मेदारी देने पर विचार किया जा रहा है।
इनमें डिंडौरी के जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह मरकाम और सतना के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ कुशवाह भी शामिल हैं। आलीराजपुर के जिला अध्यक्ष के त्यागपत्र देने के कारण वहां भी नई नियुक्ति की जाएगी।
प्रियव्रत सिंह, जयवर्धन सिंह और ओमकार मरकाम के नाम शामिल
कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेश में 71 शहर और ग्रामीण संगठनात्मक जिला इकाइयों के अध्यक्ष नियुक्त किए थे। इस प्रक्रिया में पार्टी ने कई ऐसे नेताओं को भी संगठन की कमान सौंपी, जो पहले मंत्री रह चुके हैं या विधायक के रूप में काम कर चुके हैं। पूर्व मंत्रियों में प्रियव्रत सिंह, जयवर्धन सिंह, ओमकार सिंह मरकाम शामिल हैं।
इसके पीछे तर्क था कि नेताओं के राजनीतिक अनुभव का लाभ संगठन को मिले और जिला स्तर पर पार्टी मजबूत हो। दिल्ली में हुई संगठनात्मक बैठकों में भी स्पष्ट किया गया था कि केवल पद पर बने रहने से काम नहीं चलेगा।
जिला अध्यक्षों को संगठन का विस्तार करने, स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पार्टी की गतिविधियों को गति देने के लिए काम करना होगा।
नवरात्र से पहले ही बदलाव की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी थी, लेकिन दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन और उससे जुड़ी संगठनात्मक व्यस्तताओं के चलते निर्णय आगे बढ़ गया। अब नवरात्र के बाद इस संबंध में फैसला होने की संभावना है।
चुनाव लड़ने वालों को भी पद से किया जाएगा मुक्त
कांग्रेस जिला अध्यक्षों की जिम्मेदारी में एक और बड़ा बदलाव विधानसभा चुनाव से करीब एक वर्ष पहले अक्टूबर-नवंबर 2027 में कर सकती है।
पार्टी की योजना है कि जिन नेताओं को विधानसभा चुनाव लड़ाया जाना है, उन्हें जिला अध्यक्ष के पद से मुक्त किया जाए। इससे वे अपने विधानसभा क्षेत्र में चुनाव की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दे सकेंगे।