
प्रशांत व्यास, भोपाल। चोर चोरी से जाए, लेकिन हेराफेरी से न जाए... ये कहावत तो आपने सुनी होगी। लगभग ऐसा ही मामला राजधानी के देहात क्षेत्र में रहने वाले एक ग्रामीण का है। महज 12वीं पास शातिर जालसाज रामानुज गुर्जर अबतक खुद को आइएएस और पीएम कार्यालय में पदस्थ बताकर वकीलों से और टेंडर दिलवाने के नाम पर सरपंचों और बिल्डरों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।
शातिर दिमाग नटवरलाल धोखाधड़ी के एक हाईप्रोफाइल मामले में लंबा समय जेल में गुजारने के बाद जब छूटा तो बजाए सुधरने के इसने पहले अपना नाम बदल लिया और फिर एक के बाद एक धोखाधड़ी की कई घटनाओं को अंजाम देकर लोगों से करोड़ों रुपये हड़प लिए।
अब करीब 14 साल बाद उसके खिलाफ भोपाल में अपराध का नया केस दर्ज हुआ है। इस बार आरोपित ने एक परिचित का आर्म्स लाइसेंस बनवाने के नाम पर करीब सात लाख रुपये ठग लिए। गांधीनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 10 से ज्यादा शिकायतें की गईं हैं, जिनमें करोड़ों रुपये की ठगी के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि अधिकतर मामले अभी जांच पर ही अटके हैं।
40 वर्षीय रामानुज गुर्जर मूल रूप से नजीराबाद थाना क्षेत्र के भमौरा गांव का रहने वाला है। फिलहाल पत्नी और दो बच्चों के साथ गांधीनगर की एयरोसिटी कालोनी में रह रहा है। वर्ष 2012 में उसने जयपुर के ज्योतिनगर थाने में एक वकील को ठगी का शिकार बनाया था। खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ आइएएस बताकर एक बड़ी फर्म में कानूनी सलाहकार की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और पांच लाख रुपये ऐंठ लिए।
शिकायत के बाद जयपुर पुलिस ने उसे भोपाल की अरेरा कालोनी से गिरफ्तार किया था। खास बात यह है कि उसने वकील को अपना नाम वकील को रामबाबू उर्फ रामप्रसाद बताया था। बाद में रामानुज बनकर ठगी की अन्य वारदातों को अंजाम दिया।
इसी साल नवंबर 2012 में भोपाल के हबीबगंज थाने में उसके खिलाफ छह सरपंचों से सरकारी ठेका दिलाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये ठगने का मामला दर्ज हुआ था। इन मामलों में गिरफ्तारी के बाद वह लंबे समय तक जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपना नाम बदल लिया, लेकिन सरकारी अधिकारियों से पहचान और काम कराने का झांसा देकर ठगी का सिलसिला जारी रखा।
हालिया मामले में गुनगा के बर्री गांव निवासी रामनारायण गुर्जर को उसने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों से पहचान होने का दावा कर आर्म्स लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिया। इसके बदले फरियादी ने दो बार उसके घर जाकर तीन लाख रुपये नकद दिए। साथ ही करीब तीन लाख रुपये अलग-अलग किस्तों में आनलाइन ट्रांसफर किए, जबकि एक लाख रुपये की डीडी बनवाकर आरोपित ने अपने खाते में जमा करा ली।
यह भी पढ़ें- एमपी के रेल यात्रियों की बड़ी परेशानी, कोटा में ब्लॉक के चलते बदला 4 ट्रेनों का रास्ता, इस स्टेशन पर उतरेंगे यात्री
कुल सात लाख रुपये लेने के बाद भी लाइसेंस नहीं बनवाया। रकम देते समय का वीडियो भी सामने आया है। इसमें आरोपित नोटों की गड्डी लेते दिखाई दे रहा है। यह वीडियो उसके ही ममेरे भाई भगवान सिंह गुर्जर ने बनाया था। गांधीनगर पुलिस ने करीब एक सप्ताह पहले मामले में केस दर्ज कर रामानुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
रामानुज के खिलाफ ठगी की शिकायतों का दायरा केवल आर्म्स लाइसेंस तक सीमित नहीं है। एम्स में कार्यरत कटाराहिल्स निवासी डाक्टर सुरेश जाट से प्लाट दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये ठगने का आरोप है। एक सरपंच को टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगाने की शिकायत भी है।
इसके अलावा जमीन की खरीद-बिक्री, मकान और प्लाट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए अलग-अलग थानों में दस से अधिक शिकायतें दी गई हैं। इनमें से कई शिकायतों पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
आरोपित शातिर है, नाम और पहचान बदलकर कई लोगों से ठगी कर चुका है। उसका पुराना आपराधिक रिकार्ड भी मिला है। फिलहाल एक मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है। एक अन्य शिकायत की जांच की जा रही है।- आदर्शकांत शुक्ला, डीसीपी जोन-4